रायपुर। देश भर में लॉकडाउन तीन के अंतिम दिन तथा लॉकडाउन 4.0 की घोषणा होने के साथ ही छत्तीसगढ़ में कोरोना विस्फोट होने की खबर है। प्रदेश में रविवार को एक ही दिन में अलग-अलग जगहों से 19 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले है। सुबह दो मरीज मिलने के बाद देर शाम 17 कोरोना संक्रमित मिले है। प्रदेश में अब तक एक ही दिन में इतनी संख्या में मरीज मिलने का यह पहला मामला है। रायपुर एम्स की ओर से रात आठ बजे ट्वीट कर 16 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि की वहीं जांंजगीर में एक संक्रमित मरीज मिलने की पुष्टि आईजी दीपांशु काबरा ने अपने ट्विटर हेंडल पर की है।
रविवार को प्रदेश में बड़ी संख्या में कोरोना पॉजीटिव मरीज मिले हैं। सुबह बालोद जिले में दो नए मरीजों की पुष्टि होने के बाद देर शाम को प्रदेश के अलग अलग हिस्सों में 17 नए संक्रमित मरीजों की पहचान हुई है। जिसमें बालोद मेें 7, बलौदाबाजार मेें 6, कवर्धा मेें 2 तथा राजिम और जांजगीर चांपा जिले से 1-1 नये मरीज मिले है। इस प्रकार अब प्रदेश में एक्टीव मरीजों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है। रविवार को ही एम्स से एक कोरोना संक्रमित मरीज की छुट्टी हुई थी। इन नए मरीजों के साथ ही प्रदेश में अब कोरोना के मामले बढ़कर 86 हो गए हैं, जिनमें 59 मरीज पूरी तरह से ठीक होकर अपने घर लौट चुके हैं।



