महासमुंद। महासमुंद खरियारोड के रास्ते कालाहंडी पैदल जा रहे दो मजदूर को एक पीकअप वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना शनिवार रात दस बजे राष्ट्रीय राजामार्ग 53 कौंआझर मोड़ तुमगांव थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि ये मजदूर वाहन का इंताजर करते हुए खड़े थे। तभी सरायपाली की ओर से आ रही पीकअप वाहन के चालक ने अपनी चपेट में ले लिया। चालक शराब के नशे में धुत्त था। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। तुमगांव थाना प्रभारी शरद ताम्रकार ने बताया कि कालाहंडी ओडिशा निवासी भूपेन्द्र कटेल पिता हजारु कटेल एवं वैष्ण्व कटेल पिता दयानिधी कटेल अपने परिवार के साथ ओडिशा कालाहंडी जा रहे थे। ये मुंबई स्थित महालक्ष्मी फैक्ट्री में काम करते थे।
ओडिशा कालाहंडी जाने के लिए मुंबई से ट्रक में सवार होकर आए थे। तुमगांव पिरदा मोड़ के पास उतरे। इसके बाद वह सरायपाली की ओर आगे बढ़़े तभी पता चला कि वह गलत दिशा की ओर जा रहे हैं। इसके बाद वह वापस तुमगांव की ओर आ रहे थे। ये लोग तुमगांव-महासमुंद होते हुए खरियार रोड कालाहंडी ओडिशा जाने के लिए कौंआझर के पास खड़े होकर वाहन का इंतजार कर रहे थे। रात दस बसे सरायपाली की ओर से आ रही पीकअप क्रमांक ओडी 05 एजे 8243 के चालक ने शराब के नशे में वाहन को तेज एवं लापरवाहीपूर्व चलाते हुए अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दोनों मजदूर की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।



