महासमुंद। शनिवार को पिथौरा पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटखा-पान मसाला जब्त किया। दोनों मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें जेल दाखिल किया गया है। इस संबंध में पिथौरा थाना प्रभारी नंद कुमार स्वर्णकार ने बताया कि बया रोड चौक स्थित प्रवीण पान व फल सेंटर के संचालक प्रवीण डड़सेना अवैध रूप से शासन द्वारा प्रतिबंधित सामग्री का विक्रय करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
इस दौरान जांच में उसके पास कुल 10650 रूपए का राज, पान पसंद, तम्बाकू आदि सामग्री जब्त की गई। इसी तरह वार्ड 8 में विमल देवांगन और रवि देवांगन प्रतिबंधित गुटखा-तम्बाकू अवैध बिक्री के लिए कार क्रमांक सीजी 06 जीएच 9295 से बेचने के लिए निकल रहा था जिसे घर के पास ही पकड़ लिया गया। दोनो आरोपियों से कुल साढ़े 3 हजार का प्रतिबंधित गुटखा जब्त किया गया। दोनों मामले में आरोपियों के खिलाफ धारा 188, 269, 270,186 और महामारी अधिनियम की धारा 3 के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया जहां से रिमांड पर जेल भेज दिया गया।



