- रायपुर के एम्स में 24 एवं कोविड-19 अस्पताल माना में 25 मरीज भर्ती
- शेष अन्य मरीज अंबिकापुर, बिलासपुर, रायगढ़ व राजनांदगांव में भर्ती
रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना अब धीरे-धीरे प्रदेश के सभी जिलों में पैर पसारने लगा है, जिससे अब लोगों में कोरोना का खौफ देखने को भी मिल रहा है। हालांकि अब तक करीब 18 जिलों में ही कोरोना के मामले सामने आ चुके है। प्रदेश में अब तक कोरोना के 110 सक्रिय मरीज है, जिनका इलाज राजधानी रायपुर के एम्स और माना रायपुर के कोविड-19 अस्पताल के अलावा अंबिकापुर, बिलासपुर, रायगढ़ व राजनांदगांव के अस्पतालों में उपचार जारी है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार शाम को जारी बुलेटिन में बताया गया कि एक दिन में 21 मई को प्रदेश में कोरोना संक्रमित होने के 40 नये मामले सामने आये है, इनमें क्रमश: जिला कोरबा में 12, कवर्धा 05, बालोद 04, बलौदाबाजार 06, कांकेर 04, गरियाबंद 03, राजनांदगांव 02, जांजगीर, बिलासपुर, बेमेतरा एवं बलरामपुर में 01-01 मरीज मिले है। इसी प्रकार विगत रात्रि में बिलासपुर और मुंगेली में 02-02 पॉजीटिव मरीज मिले है। इस प्रकार प्रदेश में कोरोना के सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 110 हो गई है। सक्रिय मरीजों में 24 राजधानी रायपुर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स और रायपुर के माना स्थित कोविड-19 अस्पताल में 25 मरीजों को भर्ती कराया गया है। इसी प्रकार बिलासपुर में 21, अंबिकापुर में 05, रायगढ़ में 05 एवं मेडिकल कॉलेज राजनांदगांव में 09 मरीजों को भर्ती कराया गया है। शुक्रवार की शाम तक प्रदेश में 40649 लोग होम क्वारंटाइन में है, जबकि 914 लोग क्वारंटाइन सेंटरों में रखे गये है। इसके अलावा दूसरे राज्यों से वापसी करने वाले 01 लाख 36 हजार 633 श्रमिकों को भी प्रदेशभर में बनाए गए श्रमिक क्वारंटाइन सेंटरों में रखा गया है।



