जगदलपुर। परपा थाना क्षेत्र के ग्राम छोटे मुरमा में बुधवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष आपस में भीड़ गए। विवाद के दौरान एक आरोपी ने पीडि़त पक्ष पर हमला करते हुए उन्हें घायल कर दिया। घटना के बाद से आरोपी फरार हो गया है। जिसकी पतासाजी में पुलिस जुट गई है।
मामले की जानकारी देते हुए परपा थाना प्रभारी बीआर नाग ने बताया कि दो परिवार के लोग सुबह अपने-अपने खेतों में खेती का कार्य कर रहे थे।
इसी दौरान जमीन विवाद को लेकर दोनों ही परिवारों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद के दौरान दूसरे गांव का रहने वाला नीलाम्बर सेठिया अचानक वहां पहुंच कर पुराने रंजिश के चलते उसने फरसा नुमा हथियार से पीडि़त पक्ष के लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। इस हमले में पीडि़त पक्ष के दो लोग घायल हो गए।
इसी दौरान डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखते ही आरोपी नीलाम्बर फरसानुमा हथियार फेंककर वहां से फरार हो गया। डायल 112 की टीम की मदद से पीडि़त पक्ष के लोगों को घायल अवस्था में स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डायल 112 की टीम ने पीडि़त पक्ष को परपा थाना पहुंचाया। जहां पीडि़त पक्षों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। साथ ही आरोपी की तलाश में पुलिस जुट गई है।



