रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे कोरोना मरीजों की संख्या के बीच राहत भरी खबर है कि रविवार को कोरोना के उपचार के लिए प्रदेश के एम्स सहित विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती मरीजों में से 84 मरीज ठीक होकर अपने घर लौट गए है वहीं रविवार को ही उपचार के लिए भर्ती दो मरीजों की मौत हो गई। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है दोनों की मौत कोरोना से न होकर अन्य बिमारियों के कारण हुई।
रविवार देर शाम स्वाथ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया कि शनिवार और रविवार की दरमियानी रात 38 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई थी। जिसमें रायपुर 11, महासमुंद 8, दुर्ग 6, राजनांदगांव-बलौदाबाजार 4-4, जांजगीर 3, बेमेतरा-धमतरी में 1-1 पॉजिटिव मरीज मिले थे। वहीं राजधानी रायपुर में मिले 11 कोरोना मरीजों में एम्स के 8 स्टाफ संक्रमित हुए है। जिनमें एक डॉक्टर, दो नर्स, हाउसकीपिंग समेत अन्य स्टाफ शामिल है। इसके अलावा नौवा मरीज देवेंद्र नगर से है, जो कि रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में एसी रिपेयरिंग करने गया था. उसके परिजन भी महाराष्ट्र से रायपुर लौटे हैं।
इसके साथ ही दसवां मरीज इंडो तिब्बत का जवान है। जो कि ड्यूटी के लिए बाहर गया था. बाहर से आने के बाद जाँच कराने पर कोरोना पॉजिटिव मिला है. ग्याहरवा मरीज अश्वनी नगर से है और मध्यप्रदेश के बालाघाट से लौटा है। सभी संक्रमित मरीजों एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार रविवार शाम 6 बजे तक 84 कोरोना मरीजोंं को उपचार के पश्चात डिस्चार्ज कर दिया गया है। वहीं दो मरीज जो रायगढ़ और महासमुंद से थे उनकी मृत्यु हो गई।
इनमें से रायगढ़ के मरीज को केंसर था जिसका कि हाल ही में ऑपरेशन हुआ था वहीं दूसरा मृतक महासमुंद से है जिसे टीबी सहित उच्च रक्तचाप तथा लकवे की बिमारी थी। दोनों को कोरोना जांच के बाद गंभीर अवस्था में एम्स में भर्ती किया गया था। इस तरह रविवार देर शाम तक प्रदेश में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 1549 हो गई है जिनमें से 715 मरीज स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके है और 826 सक्रीय मरीज है। वहीं 6 लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें से दो की कोरोना से तथा चार लोगों की अन्य बिमारियों के चलते मौत हुई है।



