रायपुर। छत्तीसगढ़ के अब सभी 28 जिलों में कोरोना अपना पैर पसार चुका है। हालांकि इनमें से 03 जिलों बिलासपुर, धमतरी एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही (गौरेपे) में मरीजों की संख्या शून्य हो गई है। स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में कोरोना अब तक 26 जिलों तक पहुंचा था। सुकमा और बीजापुर दो जिले ऐसे थे जो कोरोना वायरस से छुटे हुए थे, लेकिन इन दोनों जिलों में भी अब कोरोना अपना पैर पसार लिया है। सुकमा में जहां 05 संक्रमित मरीज मिले है, वहीं बीजापुर में 01 मरीज मिला है।
इसके बाद अब राज्य के सभी 28 जिलों में कोरोना अपना पैर पसार लिया है। हालांकि 28 जिलों में वर्तमान 03 जिले ऐसे है जहां कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या शून्य हो गई है। ये जिले क्रमश: बिलासपुर, धमतरी और गौपेम है। इन तीनों जिलों में बिलासपुर जिला में सर्वाधिक 172 संक्रमित मरीज मिले थे, जिनमें से 170 मरीज स्वस्थ हो चुके है, जबकि 02 की मौत हुई है। इसी प्रकार धमतरी जिले में कुल 8 संक्रमित मरीज मिले थे, जिनमें 07 डिस्चार्ज एवं 01 की मौत हुई है, वहीं गौपेम जिले में सिर्फ 03 मरीज मिले थे और तीनों मरीज स्वस्थ हो चुके है। इस प्रकार इन तीनों जिलों में वर्तमान में मरीजों की संख्या शून्य है। बिलासपुर और धमतरी जिले में हुई कुल 03 मौत जिन मरीजों की हुई है वे तीनों किसी ना किसी अन्य गंभीर बीमारी से भी पीडि़त थे।



