- आरोपियों से 01 देशी कट्टा, 03 जिंदा कारतूस, 01 खुखरी एवं 03 चाकू बरामद
- आरोपी उरला क्षेत्र में डकैती करने की तैयारी में थे
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बड़ी डकैती की वारदात को अंजाम देने के लिए योजना बना रहे पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनकी मंशा को विफल कर दिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने 01 नग देशी कट्टा, 03 नग जिंदा कारतूस, 01 नग खुखरी एवं 03 नग धारदार चाकू बरामद बरामद किया है। आरोपियों में 01 नाबालिग लड़का है। पुलिस ने आज इस गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मीडिया को जानकारी दी कि गिरफ्तार आरोपियों में अजय साहू उर्फ जागेश्वर पिता प्रकाश साहू (22 वर्ष) निवासी सुदेश नगर उरला रायपुर, मिलन निषाद पिता बुधराम (19 वर्ष) निवासी सतनाम चौक उरला रायपुर, तुलेन्द्र साहू पिता कुमार साहू (22 वर्ष) निवासी पानी टंकी के पास उरला रायपुर, राकेश यादव पिता राजकुमार (22 वर्ष) निवासी राजेन्द्र नगर उरला रायपुर एवं एक नाबालिग लड़का शामिल है। गिरोह का मास्टर माइंड अजय साहू है जो पूर्व में भी सजा काट चुका है।
आरोपी अजय साहू के विरूद्ध वर्तमान में उरला में मारपीट का प्रकरण दर्ज है जिसमें वह फरार चल रहा था। इसके अलावा उसके खिलाफ उरला में हत्या का प्रयास, चोरी, मारपीट एवं आबकारी एक्ट के 13 अपराध पंजीबद्ध। अन्य सभी आरोपी भी मारपीट के प्रकरण व प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत जेल निरूद्ध रह चुके है। सभी आरोपी आदतन अपराधी व नशीली प्रवृत्ति के है। आरोपियों के पास से हथियारों के अलावा 4 नग मोबाईल फोन , नशीली दवाईयां एवं घटना में प्रयुक्त 02 मोटर सायकल भी जब्त किया गया है। आरोपियों से जब्त मोटरसायकल व हथियारों की कुल कीमत एक लाख 37 हजार रूपये आंकी गई है। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ पुलिस धारा 399, 400 भादवि. एवं 25 आम्र्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
आरोपियों के पास पिस्टल और कारतूस कहां से आये इस संबंध में उनसे पूछताछ की जा रही है। इस तरह पकड़ाए सभी आरोपी: पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सिंघानिया चौक के आसपास दो मोटर सायकल में 05 संदिग्ध लड़के घुम रहे है जिनके पास देशी कट्टा व चाकू रखे देखा गया है। इस सूचना पर पुलिस तत्काल हरकत में आयी और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर आरोपियों को डकैती की तैयारी करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। सभी आरोपी पूछताछ में पहले हथियारों के संबंध में गोलमोल जवाब देकर पुलिस टीम को गुमराह करने का प्रयास कर रहे थे पर जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो आरोपियों ने बताया गया कि वे सभी मिलकर उरला स्थित एक कंपनी में डकैती डालने की तैयारी कर रहे थे।



