धमतरी। मंगलवार सुबह शहर से दो संक्रमित मरीज पाए जाने के बाद शाम को फिर 4 मरीज मिले हैं जिसमें से तीन महिला और एक पुरुष है। तीनों महिलाएं गर्भवती हैं और एक आर्मी का जवान है। इस तरह अब 3 दिनों में ही जिले से 15 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं जिसमें से 13 मरीजों का कोविड-19 अस्पताल धमतरी में और दो का एम्स में इलाज चल रहा है। धमतरी जिला अब धीरे धीरे कोरोना से घिरने लगा है। रोजाना किसी न किसी क्षेत्र से संक्रमित मरीज मिल रहे हैं । मंगलवार 14 जुलाई को सुबह शहर से दो कोरोना मरीज पाए गए थे । इसके बाद शाम तक फिर से 4 संक्रमित होने की सूचना मिली जिसमें से 3 गर्भवती महिलाएं और एक आर्मी का जवान हैं।
महिलाओं में 2 भटगांव से, एक धौराभाठा और एक भैंसमुंडी निवासी हैं। चारों जगह स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पहुंचकर मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचा दिया । भटगांव की एक गर्भवती महिला दर्द महसूस कर रही थी इसलिए उसे पहले इतवारी बाजार स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जांच के बाद उसे तुरंत एम्स भेज दिया गया। आर्मी का जवान अलवर राजस्थान में पदस्थ है जो 5 दिन पहले घर लौटा था। आते ही उसने स्वास्थ्य विभाग में सैंपल दिया। इसके बाद वह होम क्वारंटाइन में चला गया था। धमतरी जिले में अब तक 24 कोरोना संक्रमित मरीजों का चिन्हांकन हो चुका है। जिसमें से 7 स्वस्थ होकर लौट चुके हैं। एक की मौत हो गई थी। अब जिले में 16 एक्टिव केस हैं। जिसमें से 13 का उपचार कोविड अस्पताल धमतरी चल रहा है। एम्स में 3 भर्ती हैं।
इसके अलावा धमतरी के ही गरियाबंद में पदस्थ और सिलीडीह के रायपुर डायल 112 में पदस्थ मरीज हैं। जो गरियाबंद और रायपुर जिले के आंकड़े में शामिल हैं। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ डीके तुर्रे ने बताया कि मंगलवार शाम चार कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। जिसमें से दो भटगांव, एक धौराभाटा और एक भैंसमुंडी से है। भटगांव की एक महिला का डिलीवरी नजदीक होने की वजह से उसे धमतरी स्वास्थ्य केंद्र में जांच के बाद एम्स भेजा गया । बाकी 3 लोगों को कोविड अस्पताल धमतरी में ही रखा गया है ।
संक्रमण फैलने की स्थिति में महिलाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि हो सकता है, इलाज के दौरान कहीं से उन्हें संक्रमण आया होगा। इतवारी बाजार स्थित स्वास्थ्य केंद्र में जांच के बाद लेबर रूम को एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया है । बुधवार को सैनिटाइजेशन करने के लिए बंद किया गया । गुरुवार से बाहर ओपीडी शुरू कर दी जाएगी । जिन लोगों ने संक्रमित महिला का जांच की थी सभी पीपीई किट पहने हुए थे। धौराभाठा की महिला का एक निजी अस्पताल में इलाज के संबंध में उन्होंने कहा कि प्राइमरी कांटेक्ट लिस्ट निकाली जा रही है। उन्होंने बताया कि अब प्राथमिक संपर्क में आने वाले लोगों का सैंपल नहीं लेकर लक्षण आने पर ही लिया जाएगा। बिना लक्षण वालों का सैंपल अब कम कर दिया जायेगा।



