- आरोपियों से देशी कट्टा, तलवार, सब्बल, आरी व अन्य सामान बरामद
- पूर्व में कोरबा व बिलासपुर के दुकानों में चोरी की वारदातों को दे चुके है अंजाम
कोरबा। कोरबा जिला पुलिस ने डकैती और चोरी की वारदातों को अंजाम देने छत्तीसगढ़ पहुंचे हरियाणा के मेवाती गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से पुलिस ने देशी कट्टा, तलवार, सब्बल, आरी व अन्य सामान बरामद किया है। गिरोह के दो सदस्य भागने में कामयाब हो गए जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार करीब पांच माह पूर्व फरवरी माह में बिलासपुर और कटघोरा के मोबाईल दुकानों में अज्ञात आरोपियों ने लाखों की चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। इन वारदातों के पीछे हरियाणा के मेवाती गिरोह के होने की जानकारी पुलिस को मिली।
जिसके बाद आरोपियों को पकडऩे कोरबा पुलिस की टीम हरियाणा के मेवात गई थी लेकिन वहां आरोपियों को कोई सुराग नहीं मिला। हालांकि आरोपियों का सुराग बताने पुलिस ने वहां मुखबिरों को सक्रिय कर रखा था। इस बीच मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली मेवाती गिरोह के लोग फिर से वारदातों को अंजाम देने की नियत से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुए हैं। पुलिस ने इसके बाद आरोपी मेवातियों के मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया तो पता चला कि आरोपी कटघोरा इलाके में है। इसके बाद पुलिस की टीम चकचकवा पहाड़ में घेराबंदी कर आरोपियों तक पहुंचे। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों मोहम्मद आशिक, मोहम्मद शाहिद और आरिफ को पकडऩे में कामयाब रहे, लेकिन उसके अन्य दो साथी भागने में कामयाब हो गए। जिनकी तलाश जारी है।
पकड़े गए तीनों आरोपी नूंह मेवात जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक नग देशी कट्टा, तलवार, दो नग सब्बल, लोहे काटने की आरी तथा अन्य सामान बरामद किया। आरोपियों से पूछताछ में कटघोरा के ज्वेलरी दुकान तथा मोबाईल दुकानों में चोरी के साथ डकैती करने की योजना बनाना स्वीकार किया है। इससे इंकार नहीं किया जा सकता कि पुलिस अगर समय रहते आरोपियों तक नहीं पहुंचती तो कई और वारदातों को अंजाम देने में गिरोह कामयाब हो जाता। आरोपियों ने छत्तीसगढ़ के अलावा राजस्थान के बॉसदाड़ा सहित अन्य कई शहरों में भी वारदात को अंजाम दे चुके है। आरोपियों से पूछताछ में कई मामलों के खुलासे होने की उम्मीद की जा रही है।



