Home छत्तीसगढ़ 8 जेल प्रहरी हुए संक्रमित, कोरोना संक्रमित कैदी के संपर्क में आए...

8 जेल प्रहरी हुए संक्रमित, कोरोना संक्रमित कैदी के संपर्क में आए थे

532
0

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। केंद्रीय जेल के संक्रमित कैदी के संपर्क में 8 प्रहरियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा से लौटे विनोबा नगर के बुजुर्ग दंपति, कोटा ब्लॉक के बेलगहना स्थित सैलून में काम करने वाले तीन लोग समेत 19 मरीज मिले हैं। इनमें से 13 शहरी हैं।
स्वास्थ्य विभाग से कोरोना संक्रमितों की जानकारी मिलने के बाद केंद्रीय जेल में हड़कंप मच गया। आठों प्रहरी पॉजिटिव कैदी के संपर्क में आए थे। जेल प्रबंधन ने जानकारी दी है कि अब अन्य प्रहरियों की भी जांच की जाएगी। इसके अलावा कैदी के संपर्क में आने वालों का भी सैंपल लिया जाएगा।

कोटा के बेलगहना क्षेत्र में एक सैलून में काम करने वाले तीन लोग भी संक्रमित पाए गए हैं। शहर के विनोबा नगर में रहने वाले 71 वर्षीय बुजुर्ग और उसकी 69 वर्षीय पत्नी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। इसके अलावा पुराना बस स्टैंड, देवरीखुर्द, बिल्हा, मस्तूरी के मामले मिलाकर 19 संक्रमित मिले हैं। आपदा प्रबंधन की टीम ने सभी को भर्ती कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बच्चे व बुजुर्गों को रायपुर एम्स भेजा जा रहा है। अन्य को संभागीय कोविड व रेलवे हॉस्पिटल में भर्ती किया जाएगा।

पुराना बस स्टैंड चौक स्थित सैलून संचालक के संपर्क में आने वालों का सैंपल लिया गया था। इसमें से कुछ की रिपोर्ट मंगलवार को आई। इसमें सैलून संचालक की पत्नी के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की गई।
सेंट्रल जेल के आठों कोरोना संक्रमित प्रहरी अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। उनके संपर्क में आने वाले क्वारंटाइन हैं। ऐसे में जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर संकट उत्पन्न हो गया है। इसे देखते हुए जेल प्रबंधन ने प्रदेश के सभी केंद्रीय जेल से दो-दो व उप जेल से एक-एक प्रहरी की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here