रायपुर। राजधानी में खुलेआम शराबखोरी के मामलें में रायपुर के एसएसपी अजय यादव ने दो पुलिस कर्मी सुनील चंदेल और हरिश चंद्र नायक को निलंबित किया गया है वहीं एक अन्य मामलें में सीएसपी से बत्तमिजी करने के मामलें में कोतवाली के सब इंस्पेक्टर मनीष बाजपेई को निलंबित किया गया है।
ज्ञात हो कि मंगलवार को पूर्व मंत्री राजेश मूणत द्वारा अपने फेसबुक पेज में पुलिस कर्मियों द्वारा शराब पीने का वीडियो शेयर किया था। यह वीडियो सोशल मीडिया में जमकर वायरल भी हुआ। वीडियो वायरल होने से पूरे पुलिस विभाग की इससे जमकर किरकिरी भी हुई। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने एक वीडियो फेसबुक पर साझा किया है। इस वीडियो में कुछ खाकी वर्दीधारी पुलिसवाले जाम छलकाते हुए नजऱ आ रहे हैं। पुलिसकर्मी किसी सुनसान जगह में खड़े हैं। डायल 112 की गाड़ी उनके बगल में खड़ी है। इस वीडियो को पोस्ट करते हुए मूणत ने राज्य सरकार निशाना साधते हुए कानून व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाया था।
विडियों वायरल होते ही मामले में एसएसपी अजय यादव ने तत्काल संज्ञान लिया। उन्होंने मामले की पूरी जानकारी लेने के बाद थाना प्रभारी तेलीबांधा को पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट बनाकर भेजने का कहा था। थाना प्रभारी ने अपना प्रतिवेदन एसएसपी अजय यादव को सौंपा जिसके बाद एसएसपी ने मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए शराब खोरी कर रहे दोनों पुलिस कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वही एक अन्य मामलें में एसएसपी ने गंज थाना में पदस्थ सब इंस्पेक्टर मनीष बाजपेई को निलंबित कर दिया। सब इंस्पेक्टर मनीष बाजपेई पर आरोप है कि उन्होंने कोतवाली सीएसपी देवचरण पटेल से फोन पर अभद्रता की थी और मर्ग जांच करने से इंकार कर दिया था।



