कटघोरा। मोबाइल को लेकर दो बहनों में चल रहा विवाद इतना बढ़ गया कि बड़ी बहन ने छोटी बहन की हत्या कर दी। मामला कटघोरा थाना अंतर्गत मल्दा क्षेत्र का है। फिलहाल कटघोरा पुलिस ने बड़ी बहन को गिरफ्तार कर पुछताछ शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार कटघोरा थाना अंतर्गत मल्दा क्षेत्र में रहने वाली मृतका 13 वर्षीय सुनैना अपनी बड़ी बहन के साथ घर पर सोई हुई थी इस दौरान घर पर कोई नही था। माता-पिता परिवारिक कार्यक्रम से ग्राम पुटूवा गए हुए थे। शनिवार सुबह जब घर के ही एक बुजुर्ग सदस्य ने कमरे में जाकर सुनैना को उठाने की कोशिश की तो वह नहीं उठी और देखा कि उसके गले व सिर पर चोट के निशान देख कर बुजुर्ग डर गया तथा इसकी सूचना गाँव में अन्य लोगों को दी। जब मामले की जानकारी कोटवार को हुई तो घटना की सूचना कटघोरा पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल कटघोरा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पंचनामा कार्यवाही करते हुए मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा बड़ी बहन को अपनी हिरासत में ले लिया है।
बताया जाता है की दोनों बहनों के बीच अक्सर मोबाइल को लेकर झगड़ा होते रहता था। शुक्रवार शाम को भी उसी को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। और सुबह बड़ी बहन ने ही कुल्हाड़ी से अपनी छोटी बहन को मौत के घाट उतार दिया। हालांकि पुलिस ने अभी पुष्टि नही की है कि सुनैना की हत्या उसकी बड़ी बहन ने ही की है। हत्या का मुख्य कारण क्या है इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही पता चलेगा।



