रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य शासन द्वारा गंभीर किस्म के बीमारियों के उपचार के लिए पीडि़त परिवारों को 20 लाख रूपए तक की आर्थिक सहायता दी जा रही है। डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना से बीपीएल परिवारों को 05 लाख और एपीएल परिवारों को 50 हजार रुपए तक का इलाज मुहैया कराया जा रहा है। उक्त जानकारी प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने रेडियो पर प्रसारित कार्यक्रम हमर ग्राम सभा में दी। श्री सिंहदेव ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा व डॉक्टर तैयार करने के लिए प्रदेश में 6 शासकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं।
कांकेर, महासमुंद और कोरबा में भी नए मेडिकल कॉलेज जल्द शुरू हो जाएंगे। उप स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, सिविल और जिला अस्पतालों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गांवों और शहरों में तैनात करीब 70 हजार मितानिनें मलेरिया जांच के साथ ही लोगों को सेहत के प्रति जागरूक करने का काम भी लगातार कर रही हैं। सिंहदेव ने मुख्यमंत्री हाट-बाजार क्लिनिक योजना, किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम, कुष्ठ रोग एवं क्षय रोग नियंत्रण, वेक्टर जनित रोग नियंत्रण, मलेरिया मुक्त बस्तर अभियान, गैर संचारी रोग नियंत्रण तथा कृमि मुक्ति दिवस के आयोजनों के बारे में भी विस्तार से अपनी बात रखी।



