रायपुर। राजधानी रायपुर में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए अब शासकीय कार्यालयों में अधिकारियों व कर्मचारियों को ग्लास शील्ड के भीतर रहकर काम करने का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में कलेक्टोरेट के 25 से अधिक शाखाओं में अधिकारियों व कर्मचारियों के टेबल के ग्लास शील्ड से कव्हर करने का काम शुरू हो गया है।
कलेक्टोरेट सूत्रों की माने तो अधिकारियों व कर्मचारियों को कामकाज के दौरान पूरी सावधानी रखने का निर्देश पहले ही दिया जा चुका है। शासकीय कार्यालय में आने वाले लोगों में से कौन संक्रमित है, यह जानना भी टेड़ी खीर है। लिहाजा अब प्रशासन ने कामकाज को सामान्य बनाए रखने के लिए स्वयं से पहल करते हुए अपने अधिकारियों व कर्मचारियों को सुरक्षित रखने का जतन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में कलेक्टोरेट के 25 शाखाओं के अधिकारियों व कर्मचारियों की टेबलों पर ग्लास शील्ड लगाने का काम जारी है। इस ग्लास शील्ड के अंदर बैठने से अधिकारी-कर्मचारी पूरी तरह से सुरक्षित रहेंगे वहीं कार्यालयों में आने वाले लोग भी अधिकारियों व कर्मचारियों से एक सुरक्षित दूरी पर रहेंगे। ग्लास शील्ड लगाए जाने का कलेक्टोरेट के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी स्वागत करते हुए कहा कि यह एक अच्छी पहल है, इससे अधिकारियों व कर्मचारियों के मन में कोरोना संक्रमित होने का भय नहीं रहेगा और वे निश्चिंत होकर अपना काम निपटा सकते हैं।



