रायपुर। राज्य में आगामी चौबीस घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे अथवा हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। मौसम विभाग ने कल से 20 सितंबर तक के लिए यलो अलर्ट जारी करते हुए राज्य में एक-दो स्थानों पर तेज मेघ-गर्जन के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के नियमित रिपोर्ट की माने तो इस समय मानसूनी द्रोणिका बरेली, वाराणसी, हजारीबाग, माल्दा और पूर्वी दिशा में नागालैण्ड और बांग्लादेश को पार करते हुए आसाम और मेघालय तक जा रहा है।
इधर एक चक्रवाती सिस्टम उत्तर-पूर्व उत्तर प्रदेश से दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश तक समुद्र सतह से 0.9 किमी ऊपर की ओर बनी हुई है। वहीं कल बना कम दबाव का क्षेत्र जो कि तेलंगाना और दक्षिण छत्तीसगढ़ के आसपास के इलाके में बना हुआ था आज कमजोर होकर समाप्त हो गया है। हालांकि ऊपरी हवा में बना चक्रीय चक्रवाती घेरा अब तेलंगाना और इसके आसपास के इलाकों में सक्रिय है तथा यह ऊपरी हवा में 3.1 किलोमीटरर की ऊंचाई पर स्थित है। इस सिस्टम का झुकाव दक्षिण दिशा की ओर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने आगामी चौबीस घंटों के दौरान राज्य में कहीं-कहीं पर गरज-चमक के साथ बौछारें पडऩे अथवा हल्की बारिश होने की उम्मीद जताई है। वहीं वर्तमान में बनी और आगे विकसित होने वाले मौसमी तंत्र के मद्देनजर मौसम विभाग ने कल 17 सितंबर से 20 सितंबर के मध्य राज्य में चार दिनों के लिए यलो अलर्ट घोषित कर दिया है। इस दौरान राज्य में कहीं-कहीं पर तेज मेघ-गर्जन के साथ तेज बौछारें पडऩे अथवा आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इधर बारिश थमने के बाद से ही लोग चिपचिपी गर्मी और उमस से बेहाल हो गए हैं।



