जगदलपुर में भी बंद सफल रहा
काँकेर 28 मई 2024. चेम्बर ऑफ़ कामर्स कांकेर से समर्थन मिलने के बाद सर्व आदिवासी समाज के आव्हान पर बस्तर अंचल के सात ज़िलों में आज “बन्द ” का आयोजन सफल रहा है। इस दौरान सर्व आदिवासी समाज द्वारा छत्तीसगढ़ के महामहिम राज्यपाल महोदय को पत्र लिखकर पांच विभिन्न मांगें की गई हैं, जो इस प्रकार हैं :-
बीजापुर ज़िले के पीड़िया में फोर्स द्वारा मासूम निर्दोष 12 तेंदूपत्ता मज़दूर आदिवासियों की जो हत्या की गई है और उसे नक्सली उन्मूलन के नाम पर वाजिब ठहराने की कोशिश की जा रही है, ऐसे अन्याय की उचित, उच्च स्तरीय ,वास्तविक जांच की जाए और दोषियों को कठोर दंड दिया जाए।
मृत आदिवासियों के प्रत्येक परिवारों में से 1-1 सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए तथा परिवार को उचित मुआवजा भी दिया जाए। गोली कांड में घायल हुए आदिवासियों की चिकित्सा का संपूर्ण खर्च शासन उठाए तथा ऐसे प्रत्येक परिवार को भी मुआवजा तथा एक व्यक्ति प्रति परिवार सरकारी नौकरी दी जाए।
भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं पुलिस फोर्स द्वारा न की जाएं यह सुनिश्चित किया जाए ।
जांच कमेटी में सर्व आदिवासी समाज का भी एक प्रतिनिधि अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
काँकेर में सफल बंद के पश्चात ज़िला महासचिव प्रकाशचंद्र भंडारी तथा अन्य आदिवासी नेताओं द्वारा पत्रकार वार्ता में मीडिया को उपर्युक्त जानकारी प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि पहले भी विभिन्न मांगों को लेकर सर्व आदिवासी समाज द्वारा बस्तर के सातों ज़िलों में सफल बंद कराए गए हैं। इस संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा पांच बार कांकेर लोकसभा के सांसद अरविंद नेताम जी हैं। कांग्रेस ने भी पीड़िया गांव में फर्जी मुठभेड़ में आदिवासियों को मारने का आरोप लगा कर इस बंद का समर्थन किया है.



