रायपुर, 27 फरवरी 2026, छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ जारी संघर्ष में आ रहा बदलाव दिखने लगा है। झीरम घाटी के हमले में शामिल रहे 125 पूर्व नक्सलियों ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा की गैलरी से सदन की कार्यवाही देखी। इसके पूर्व वे गृहमंत्री के कक्ष में भी बैठे,विधानसभा भवन की भव्यता में अपने नक्सल लीडर्स के साथ उनका होना स्थितियों में बदलाव को दिखा रहा था।
विधानसभा की गैलरी में कई इनामी नक्सली भी मौजूद रहे। इनमें से एक करोड़ का इनामी रहा माओवादी कमांडर रुपेश और 25 लाख का इनामी चैतू भी शामिल रहा। 2013 में झीरम कांड के हमले में चैतू भी शामिल था, जिसमें कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी मारे गए थे। इन सभी नक्सलियों ने तीन माह पहले जगदलपुर में समर्पण किया था।
इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इन सभी से समाज की मुख्य धारा में शामिल होने की अपील की। बाद में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अपने आवास पर इन सभी पूर्व नक्सलियों से व्यक्तिगत संवाद किया और उनकी सभी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इससे पहले नक्सलियों ने विधानसभा की कार्यवाही के दौरान प्रश्नकाल, बहस और विभिन्न मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष को बहस करते देखा।
सरकार की पहल पर विधानसभा की कार्यवाही देखने पहुंचे पूर्व माओवादियों का प्रवास यह साबित करता है कि गनतंत्र से लोकतंत्र की ओर छत्तीसगढ़ में हो रहे सुधारों में उनका विश्वास बढ़ा है और ये सभी सामान्य जीवन का हिस्सा बनने की राह पर हैं।
विधानसभा दौरे से एक शाम पहले, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने नवा रायपुर स्थित अपने आवास पर इन पूर्व विद्रोहियों की मेजबानी की। औपचारिक समारोह से बिल्कुल अलग, इस आयोजन में गर्मजोशी से स्वागत किया गया, फूलों की वर्षा की गई और साथ में भोजन किया गया जिससे सभी के बीच व्यक्तिगत जुड़ाव महसूस हुआ।
श्री शर्मा ने प्रत्येक व्यक्ति से व्यक्तिगत रूप से बात की, उनकी कहानियां सुनीं और रायपुर में उनके अनुभव के बारे में मार्गदर्शन दिया। इन प्रयासों का उद्देश्य प्रशासन और हिंसा से दूर रहने वाले लोगों के बीच विश्वास को मजबूत करना था। अगली सुबह, गहन सुरक्षा जांच के बाद, समूह ने उत्साह से आगंतुक कक्ष में प्रवेश किया।
उम्मीद है इससे दंडकारण्य क्षेत्र में मुख्यधारा में शामिल करने के लिए आत्मसमर्पित नक्सलियों को जल्द ही ग्राम समाज में मुक्त जीवन हेतु छोड़ा जायेगा और लोकतंत्र में भागीदारी के लिए समाज में वे अन्य नागरिकों की तरह पहल कर पाएंगे।



