नई दिल्ली। प्रवचनकर्ता आसाराम के बेटे नारायण साईं को रेप के एक मामले में अदालत ने उम्र कैद की सजा सुनाई है. इसके साथ ही अदालत ने नारायण साईं पर एक लाख का जुर्माना भी लगाया है. नारायण साईं की सजा के ऐलान को देखते हुए सूरत में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे. कोर्ट परिसर में भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया था.
उल्लेखनीय है कि साल 2013 में सूरत की दो बहनों ने आसाराम बापू और नारायण साईं पर रेप का आरोप लगाया था. दो बहनों में सबसे बड़ी बहन ने आरोप लगाया था कि 1997 से 2006 के बीच अहमदाबाद आश्रम में रहने के दौरान आसाराम बापू ने उसके साथ दुष्कर्म किया था. वहीं छोटी बहन ने सूरत के जहांगीरपुरा इलाके में स्थित आश्रम में रहने के दौरान नारायण साईं द्वारा दुराचार किए जाने की बात कही थी. जांच में पुलिस को आसाराम और नारायण साईं के खिलाफ सबूत मिले जिसके बाद दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया. इस मामले में 50 से ज्यादा लोगों की गवाही दर्ज कराई गई थी. पुलिस ने नारायण साईं पर जांच को प्रभावित करने के लिए रिश्वत करने का भी आरोप लगाया था.



