Home देश बनारस से तेज बहादुर का नामांकन रद्द, शालिनी को समर्थन करेगी सपा!

बनारस से तेज बहादुर का नामांकन रद्द, शालिनी को समर्थन करेगी सपा!

562
0
नई दिल्ली। अंतत: वाराणसी से सपा के टिकट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनावी मैदान में ताल ठोक रहे बीएसएफ के बर्खास्त जवान तेज बहादुर यादव का नामांकन रद्द कर दिया गया है. जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें नोटिस जारी कर एक मई तक जवाब प्रस्तुत करने के लिए कहा था. लेकिन वे संतोषजनक जवाब नहीं पाए जिसके कारण उनका नामांकन रद्द कर दिया गया.
अब क्या होगा सपा का
तेज बहादुर का नामांकन रद्द होने के बाद समाजवादी पार्टी क्या करेगी, इसको लेकर चर्चा जोरों पर है. लेकिन शायद समाजवादी पार्टी को इसका अंदेशा पहले से ही था यही कारण था कि पार्टी ने शालिनी यादव से भी नामांकन भरवा दिया था. अब पार्टी उन्हें समर्थन देकर अपनी मौजूदगी का अहसास तो करा ही देगी. बता दें कि शालिनी यादव वहीं हैं जिनका टिकट काटकर तेज बहादुर को सपा ने टिकट दे दिया था.
मैं अडानी, अंबानी नहीं हूं
नामांकन रद्द होने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए तेज बहादुर ने कहा कि मेरा नामांकन गलत तरीके से रद्द किया गया. यदि मेरे नामांकन में कोई गलती थी तो मुझे पहले बताना चाहिए था. लेकिन इसकी जानकारी मुझे शाम को छह बजे दी गई और कहा गया कि अगले दिन 11 बजे तक कागज जमा कर दिए जाएं. मैं कोई अडानी, अंबानी तो हूं नहीं कि चार्टर्ड प्लेन लेकर दिल्ली चला जाऊं और कागज लाकर यहां जमा कर दूं. लेकिन फिर मैंने कोशिश की और कागज जमा कर दिए. लेकिन वो मेरे जवाब से संतुष्ट नहीं हैं. मेरे साथ गलत किया गया.
क्या है मामला
दरअसल तेज बहादुर यादव ने पहले निर्दलीय के तौर पर नामांकन भरा था. बाद में उन्हें समाजवादी पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था. जिसके बाद उन्होंने दोबारा नामांकन दाखिल किया. दोनों नामांकन पत्रों में तेज बहादुर यादव ने नौकरी से बर्खास्त करने को लेकर अलग-अलग बातें कहीं हैं. इसी को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें नोटिस जारी कर जानकारी स्पष्ट करने के लिए कहा था. बता दें कि तेज बहादुर ने बीएसएफ में रहते हुए वीडियो जारी कर खाने की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की थी. जिसके बाद तेज बहादुर चर्चा में आए थे. बाद में उन्हें नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था. जिसके बाद वे लगातार केंद्र सरकार पर हमले कर रहे थे. फिर उन्होंने बनारस से प्रधानमंत्री के खिलाफ चुनाव लडऩे का ऐलान कर दिया. इसके बाद सपा-बसपा गठबंधन की ओर से उन्हें अपना प्रत्याशी बना दिया गया.

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here