नई दिल्ली। सात राज्यों में लोकसभा की 51 सीटों पर पांचवें चरण में पश्चिम बंगाल तथा जम्मू, कश्मीर में हिंसा की छिटपुट घटनाओं को छोडक़र मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है. दोपहर एक बजे तक 31 फीसदी से ज्यादा मतदान होने के समाचार है. सबसे ज्यादा मतदान पश्चिम बंगाल में तो सबसे कम जम्मू कश्मीर में हुआ है.
51 लोकसभा सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया. दोपहर एक बजे तक पश्चिम बंगाल में 39.55, जम्मू कश्मीर में 6.54 प्रतिशत, झारखंड में 37.24, राजस्थान में 33.13 और मध्यप्रदेश में 31.46 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 26.35 और बिहार में 24.49 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया है.
सातों राज्यों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है. हालांकि कुछ स्थानों पर छिटपुट हिंसा की घटनाएं भी हुई हैं.
पश्चिम बंगाल के बैरकपुर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि टीएमसी के लोगों ने उनके उम्मीदवार अर्जुन सिंह पर हमला कर दिया. जिससे उन्हें चोट आई.
बिहार के सारण के एक बूथ पर युवक ने ईवीएम तोड़ दी.
वहीं जम्मू कश्मीर में अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र के पुलवामा में वोटिंग शुरू होने से कुछ देर बाद ही दो मतदान केंद्रों के पास विस्फोट हुआ. जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ.



