गांधीनगर। अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान वायु ने अपनी दिशा बदल दी है और अब यह खाड़ी देश ओमान की तरफ बढ़ रहा है. जिससे वायु के गुजरात तट से टकराने की संभावना नहीं है. हालांकि इसके असर से गुजरात के तटवर्ती इलाकों में भारी वर्षा और तेज हवाएं चलने की संभवना है. भले यह तूफान अब गुजरात में नहीं आएगा लेकिन खतरा अभी बरकरार है.
मौसम विभाग के अनुसार यह जब गुजरात के वेरावल तट से लगभग 150 किमी दक्षिण पश्चिम में स्थित था तभी इसकी दिशा बदल गई और यह उत्तर पश्चिम की ओर यानी ओमान तट की ओर बढऩे लगा है. आज सुबह यह वेरावल से 110 किमी दक्षिण पश्चिम की ओर यानी ओमान तट की ओर बढऩे लगा था. इसके असर के कारण गुजरात में मौसम पूरी तरह बदल गया है. समुद्र में ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही हैं. वहीं तटीय क्षेत्रों में तेज हवाएं बह रही हैं. अगले तीन दिनों तक भी तटीय इलाकों में भारी वर्षा और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है.
इस बीच इसके मद्देनजर तटवर्ती जिलों में व्यापक एहतियाती उपाय किए गए हैं. तटवर्ती 11 जिलों में स्कूलों में आज और कल अवकाश की घोषणा कर दी गई है. तटवर्ती क्षेत्रों में सभी बस, रेल और विमान सेवाएं भी रद्द कर दी गई है. मुख्यमंत्री विजय रूपाणी स्वयं स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. लगभग 408 तटवर्ती गांवों और निचले इलाकों से लोगों को स्थानांतरित करने का काम सुबह से ही शुरू कर दिया गया था. अभी तक करीब दो लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का दावा किया जा रहा है.



