पार्टी संविधान के अनुसार नये अध्यक्ष की नियुक्ति तक संभालेंगे जिम्मेदारी
रायपुर 3 जुलाई 2019. राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद अब मोतीलाल वोरा कांग्रेस अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे. नयी नियुक्ति होने तक मोतीलाल वोरा ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर कामकाज देखेंगे. छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद मोतीलाल वोरा फिलहाल कांग्रेस पार्टी में सबसे वरिष्ठतम नेता हैं, ऐसे में राष्ट्रीय अध्यक्ष के हटने के बाद पार्टी के संविधान के मुताबिक पार्टी के सबसे वरिष्ट सदस्य को अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जाती है, इसी वजह से मोतीलाल वोरा को पार्टी ने अंतरिम राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है. मोतीलाल वोरा अभी छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के सांसद हैं. उनका राजनीति में लंबा अनुभव रहा है, वो दो बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. पार्टी के सबसे पुराने और गांधी परिवार के सबसे करीबी नेता में मोतीलाल वोरा की गिनती होती है। वहीं लंबे समय तक वो पार्टी के कोषाध्यक्ष की भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
पिछले कई दिनों से जारी घटनाक्रम में आखिरकार राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद अब एक सप्ताह के भीतर सीडब्ल्यूसी की बैठक बुलायी जायेगी, जिसमें नये राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जायेगा. पार्टी से कई लोगों के अंदर इस बात की उम्मीदें थे की राहुल गांधी को मना लिया जायेगा, लेकिन आखिरकार राहुल गांधी ने अपना इस्तीफा दे दिया और चार पन्नों का अपना त्यागपत्र टवीटर पर भी पोस्ट कर दिया. इसके बाद कोई चारा नहीं बचा और पार्टी संविधान के अनुसार वोरा को अंतरिम अध्यक्ष बनाया गया .



