Home छत्तीसगढ़ दंतेवाडा में नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस ने किया जोरदार शक्ति...

दंतेवाडा में नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस ने किया जोरदार शक्ति प्रदर्शन

667
0

दंतेवाड़ा.  दंतेवाड़ा उप चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद कांग्रेस ने जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया इस दौरान सीएम भूपेश बघेल ने देवती कर्मा के लिए लोगों से मतदान अपील की. प्रत्याशी देवती कर्मा के लिए पक्ष में मुख्यमंत्री भूपेश ने प्रचार किया. उन्होंने भरी सभा में लोगों को भरोसा दिलाया कि दंतेवाड़ा के विकास की जिम्मेदारी उनकी होगी.

दंतेवाड़ा विधानसभा उप चुनाव के नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन सियासी सरगर्मी बनी रही. कांग्रेस प्रत्याशी देवती कर्मा के नामांकन दाखिल करने के दौरान मुख्यमंत्री, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम, मंत्री टीएस सिंहदेव, कवासी लखमा के साथ अन्य कांग्रेस पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.

नामांकन दाखिल करने के बाद मेढका डोबरा ग्राउंड में आयोजित आमसभा में मौजूद लोगों को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संबोधित किया. देवती कर्मा के लिए लोगों से इस बार मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि पिछले चुनाव में एक गलती की वजह से हार मिली थी, इस बार कोई गलती नहीं करनी है. सभी कार्यकर्ता को अपने-अपने पोलिंग बूथ में चुनाव जीतना है.

इस दौरान उन्होंने अपने आठ महीने की सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा कि किसानों की ऋण माफी के साथ,. प्रति क्विंटल धान के लिए 2500 रुपए दिए, लोहंडीगुड़ा में टाटा से किसानों को उनकी जमीन वापस दिलाई. तेंदूपत्ता के लिए 4 हजार रुपए प्रति मानक बोरा दिए, वनाधिकार पट्टे का वितरण किया.

भूपेश बघेल ने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार ने वन पट्टा के लिए सुप्रीम कोर्ट में अपना वकील तक नहीं खड़ा किया था, जिसके बाद आदिवासियों को उनकी जमीन से बेदखल करने का आदेश जारी कर दिया गया. उन्होंने कहा कि हमने हलफनामा दिया, जिसके बाद पट्टा वितरण का काम शुरू हुआ है.  यह न केवल बस्तर या पूरे छत्तीसगढ़ में ही नहीं बल्कि पूरे हिन्दुस्तान में पट्टा वितरण किया जा रहा है.

भूपेश बघेल ने युवाओं को रोजगार देने की बात कहते हुए कहा कि हमने निर्णय लिया है कि 50 लाख तक का काम स्थानीय स्तर पर होगा. इससे न केवल अच्छी क्वालिटी की सड़कें बनेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को काम मिलेगा .   नंदराज पहाड़ का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि भाजपा पहाड़ बेचना चाह रही थी. हमने कहा कि कोई जंगल कटाई नहीं होगी. पंचायत की बैठक की भी जांच होगी.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आ्रपके साथ है, यहां भाजपा को जो प्रभारी है, वह एनएमडीसी का चेयरमैन हुआ करता था. भाजपा से पूछिए कि खदान की नीलामी किसके आदेश से हुई थी. छत्तीसगढ़ को लूटने वाले लोगों के खिलाफ महेंद्र कर्मा लड़ा करते थे. अब देवती कर्मा लड़ रही है.

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी पीएल पुनिया ने अपने संबोधन में कहा कि कौन सी ऐसी प्रदेश सरकार है, जिसने किसानों को 2500 रुपए धान का मूल्य दिया, दो घंटे में किसानों का कर्ज माफ किया, उद्योग के लिए ली गयी  जमीन को किसानों को लौटाया गया. यह ऐतिहासिक कार्य हमारी सरकार ने किया.  इसके पहले देवती कर्मा ने स्थानीय बोली में लोगों को संबोधित कर उनका समर्थन मांगा.

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here