Home छत्तीसगढ़ हत्या के एक प्रकरण में 6 एसआईटी का गठन मामले में घिरे...

हत्या के एक प्रकरण में 6 एसआईटी का गठन मामले में घिरे गृहमंत्री 

496
0

रायपुर। विधानसभा में आज विपक्षी सदस्यों ने गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू को हत्या के एक प्रकरण में 6 एसआईटी गठित करने के मुद्दे पर घेरा।  प्रश्रकाल में बिलाईगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक चंद्रदेव प्रसाद राय ने गृह मंत्री से भटगांव थाना क्षेत्र में एक महिला (मालती बाई) हत्याकांड की जांच और कार्यवाही की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी चाही थी । उन्होंने यह भी कहा कि जांच प्रक्रिया के बारे में जानने के प्रयास के दौरान पुलिस अधिकारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।  गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू इसके जवाब में कहा कि इस हत्याकांड को सुलझाने के लिए अलग-अलग 6 एसआईटी गठित की गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि पांच एसआईटी पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान गठित की गई थी, वहीं एक अधिकारी का तबादला होने के कारण छठवीं एसआईटी का गठन किया गया।  गृहमंत्री के इस जवाब पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने मंत्री को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि एक प्रकरण में 6 एसआईटी का गठन करने क्या औचित्य है । विधायक शिवरतन शर्मा ने भी अपने पूरक प्रश्न करते हुए कहा कि आखिर इस मामले में जांच की गति कहां पहुंची है। विधायक दलजीत सिंह ने कहा कि गृहमंत्री पुलिस अधिकारी कर्मचारियों को समझाइश दी कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ अच्छा व्यवहार करें उन्होंने यह भी मांग कि विधायक के साथ  दुव्र्यवहार करने  के दोषी पुलिस अधिकारी कर्मी के खिलाफ  कार्यवाही भी होनी चाहिए। सदन में शोर-शराबे के बीच विधायक चंद्रदेव प्रसाद राय ने कहा कि वे मंत्री के जवाब से संतुष्ट है और पुलिस भी इस मामले में सही जांच कर रही है पर वे चाहते है कि हत्याकांड के आरोपी जल्द से जल्द पकड़ाए।  इधर भाजपा के सदस्य गृहमंत्री से इस प्रकरण में 6 एसआईटी क्यों गठित की गई का जवाब लेने पर अड़े रहे। जनता कांग्रेस छग के सदस्य धर्मजीत सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया में ऐसा कहीं नहीं देखा गया कि एक हत्या के मामले में 6 एसआईटी का गठन किया गया हो। विपक्षी सदस्यों के इस सवाल पर विराम लगाते हुए विधानसभा अध्यक्ष डा. चरणदास महंत ने कहा कि इस मामले में वे मंत्री से अलग से चर्चा करेंगे और उनसे जानेंगे कि क्या किसी प्रकरण में 6 एसआईटी गठित किया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here