रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्यसभा की दो सीटों को लेकर बड़ी खबर आ रही है मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गिरीश देवांगन का नाम तय कर दिया है। इस बीच चर्चा है कि उन्होंने प्रदेश महामंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और उनके राज्यसभा जाते ही रवि घोष प्रदेश के प्रभारी महामंत्री बनाए जा सकते है। वहीं दूसरे नाम के लिए रस्साकसी चल रही है खबर है कि मुख्यमंत्री के सलाहकार विनोद वर्मा और रुचिर गर्ग में से किसी एक का नाम फाइनल हो सकता है। दोनों नाम मुख्यमंत्री के बहुत करीबी होने के बाद भी किसी एक को राज्यसभा जाने का मौका मिल सकता है।
शुक्रवार को सुबह से ही गिरीश देवांगन के पास बधाई और शुभकामना संदेश वरिष्ठ नेताओं के आने लगे है। जिससे राज्यसभा के लिए कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अभी इस मामले में कोई भी खुल कर बोलने को तैयार नहीं है। सभी हवा में तीर तुक्के लगा रहे है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पहले ही कह चुके हैं कि नाम संगठन तय करेगा। इस बीच सीएम की दिल्ली यात्रा से एक नई चर्चा शुरू हो गई थी। कहा जा रहा है कि दो में से एक सीट मुख्यमंत्री के दो सलाहकारों विनोद वर्मा और रुचिर गर्ग में से किसी एक का नाम तय हो सकता है। प्रदेश संगठन के महामंत्री गिरिश देवांगन रेस में बाजी मार लिए हैं।
वहीं, दूसरी सीट के लिए राष्ट्रीय नेताओं के नाम पर भी चर्चा चल रही हैं। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार वर्मा और प्रदेश संगठन के महामंत्री देवांगन भी सीएम के साथ ही विशेष विमान से लौटे हैं। इसे राज्यसभा के लिए टिकट की लॉबिंग से जोडक़र भी देखा जा रहा है। संगठन के नेताओं का कहना है कि वर्मा और देवांगन पहले से दिल्ली में थे, चूंकि सीएम विशेष विमान से गए थे, इस वजह से वे भी साथ में आ गए। विशेष विमान से सीएम के साथ आबकारी मंत्री कवासी लखमा भी लौटे हैं। लखमा स्टार्टअप का राष्ट्रीय पुरस्कार लेने दिल्ली गए थे। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि सीट के लिए करीब दर्जनभर से अधिक नेता दावेदारी कर रहे हैं, लेकिन जो भी होगा राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति से होगा। अभी तक राष्ट्रीय नेतृत्व की तरफ से कोई संकेत नहीं मिला है।
ऐसे में नामांकन की तारीख जैसे-जैसे करीब आएगी दावेदारों की संख्या भी बढ़ सकती है। अब तक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी करूणा शुक्ला, प्रदेश महामंत्री देवांगन, पी.एल. पुनिया, शैलेश नितिन त्रिवेदी के साथ तीन वरिष्ठ विधायकों के नाम भी चर्चा में थे। वहीं, चुनाव की अधिसूचना जारी होने के पहले पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री प्रियंका गांधी वाड्रा को भी छत्तीसगढ़ के कोटे से राज्यसभा भेजने की भी चर्चा होती रही है।



