महासमुंद। बार नयापारा के जंगलों से वापस लौटे हाथियों के दल ने रबी फसल को नुकसान पहुंचाना शुरू कर दिया है। खास बात यह है कि दल का नेतृत्व इस बार दंतैल हाथी कर रहा है जिससे ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है।
23 सदस्यीय हाथियों के दल ने गुरूवार रात ग्राम गढ़सिवनी, अछोला, अछोली और जोबा में रबी की गेंहू की फसल को नुकसान पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक हाथियों का दल गढ़सिवनी में मोतीराम, जीवन, मुरलीधर के खेत में लगी गेंहू की फसल को क्षति पहुंचाते हुए वापस कुकराडीह बंजर लौट गए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक हाथियों का नेतृत्व क्षेत्र में दहशत मचाने वाला दंतैल हाथी कर रहा है। ज्ञात हो कि पिछले दो महीने बाद वापस लौटा हाथियों का दल दो दिन पूर्व ही सिरपुर क्षेत्र के ग्राम पीढ़ी, मोहकम, खड़सा में नुकसान पहुंचा चुका है। यहां खेतों में लगे फैसिंग पोल को भी हाथियों ने तोड़ दिया है। दल में 4 बच्चे भी हंै।
राजधानी से वापस लौटा है दल
गुरूवार सुबह हाथियों का दल राजधानी रायपुर से वापस लौटा है। भोजन की तलाश में दल बुधवार सुबह महानदी में जलक्रीड़ा करने के लिए पहुंच गया जहां शाम तक डेरा जमाए रहा। जानकारी के अनुसार रात में 23 हाथियों का दल वापस गुरूवार को आरंग ब्लॉक के ग्राम गुल्लू के पास महानदी के किनारे विचरण करते देखा गया है। वन विभाग के अमले को इन हाथियों पर लगातार नजर बनाए रखने तैनात कर दिया गया। बता दें कि दल में एक हाथी के गले में बांधे गए रेडियो कॉलर के माध्यम से विभाग को सेटेलाइट से इनके मूवमेंट की सूचनाएं निरंतर मिल रही है। इससे विभाग को ग्रामीणों को अलर्ट करने में आसानी हो गई है।



