रायपुर। शहर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में महिला मरीज को कोरोना का संदिग्ध समझकर बाहर किए जाने के मामले में संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ की ओर से अस्पताल को प्रपत्र जारी किया गया है। प्रपत्र में संचालनालय द्वारा अस्पताल के सीईओ से जवाब मांगा गया है।
प्रपत्र में उल्लेखित है कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार रामकृष्ण केयर अस्पताल में आईसीयू वेंटिलेटर सपोर्ट पर भर्ती मरीज कौसर जहान को आपके अस्पताल द्वारा कोरोना का संदिग्ध मानते हुए सैंपल जांच के लिए एम्स रायपुर रिफर किया गया बाद में उन्हें अनावश्यक रूप से लामा ‘चिकित्सकीय सलाह विरुद्ध डिस्चार्ज’ चिन्हित करते हुए अस्पताल से बलपूर्वक बाहर भेजा गया। वहीं स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले में गंभीर नजर आ रहा है और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में कठोर कार्रवाई कर सकता है।




