नई दिल्ली:- देश में कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को देश में 75 नए मामले सामने आने के बाद कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 769 पहुंच गई। सिर्फ शुक्रवार को ही कोरोना वायरस की वजह से 4 लोगों की जान गई, जिससे मरने वालों की कुल संख्या 17 हो गई है। अब तक कोरोना वायरस का संक्रमण कुल 873 लोगों में फैल चुका है। आज सुबह ही केरल में एक शख्स की मौत के बाद मौतों का आंकड़ा 20 हो चुका है। ये संक्रमण और ना फैले, इसीलिए पूरे देश में 14 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन कर दिया गया है। आइए जानते हैं आज शनिवार के दिन भारत में कोरोना वायरस के कितने मामले कहां-कहां आए। यहां देखिए हर अपडेट।
केरल में कोरोना से पहली मौत
शनिवार की सुबह केरल के एर्नाकुलम में कोरोना वायरस के संक्रमण से पहली मौत हुई। बता दें कि केरल में अब तक कुल 184 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें 8 विदेशी हैं और 11 डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। 69 साल के इस शख्स को कोची मेडिकल कॉलेज में भर्तीय कराया गया था। इस मौत की पुष्टि एर्नाकुलम जिले के मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर एनके कुट्टपन ने की है।
राजस्थान में 2 नए मामले
कोरोना वायरस के दो नए मामले राजस्थान से सामने आ रहे हैं। इसमें एक भिलवाड़ा का मामला है और दूसरा अजमेर का। भिलवाड़ा में 21 साल की महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है, जो बंगर अस्पताल भिलवाड़ा में टाइपिस्ट का काम करती है। वहीं अजमेर में 23 साल का शख्स कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, जो सेल्समैन है और उसने पंजाब की यात्रा की थी। उसे जेएलएन अस्पताल में भर्ती किया गया है।
24 घंटों में 149 नए मामले आए सामने
सुबह 9.30 बजे तक के आंकड़ों की देखें तो 24 घंटे में करीब 149 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 873 पहुंच चुकी है। ये आंकड़े खुद स्वास्थ्य मंत्रालय ने ही जारी किए हैं।
गुजरात में भी 6 नए मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय की मुख्य सचिव जयंति रवि ने गुजरात में कोरोना वायरस के नए मामलों की जानकारी दी है। उनके अनुसार गुजरात में 6 नए मामले सामने आए हैं, जिसके बाद अब गुजरात में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 53 हो गई है।
महाराष्ट्र में 6 नए मामले
कोरोना वायरस के 6 नए मामले महाराष्ट्र में सामने आए हैं। इसमें से 5 मुंबई के हैं और एक मामला नागपुर का है। इसी के साथ महाराष्ट्र में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 159 पर पहुंच चुकी है।



