Home छत्तीसगढ़ जिले से भेजे गए थे 16 सेंपल, सभी की रिपोर्ट निगेटिव… भीमखोज...

जिले से भेजे गए थे 16 सेंपल, सभी की रिपोर्ट निगेटिव… भीमखोज की महिला की रिपोर्ट भी आई निगेटिव

488
0

महासमुंद। जिले से कोरोना संक्रमित होने के संदेह पर भेजे गए 16 सेंपल की जांच रिपोर्ट आ गई है। अच्छी बात है कि सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इनमें भीमखोज की एक महिला की रिपोर्ट भी शामिल है जो लदंन से लौटे युवक के घर पर खाना बनाती थीं। बता दें कि जिले में अब तक एक भी कोरोना के मरीज सामने नहीं आए हंै।

कोरोना के नोडल अधिकारी डॉ अनिरूद्ध कसार ने बताया कि जिलेभर से कोरोना संक्रमण की जांच के लिए कुल 16 के सेंपल एम्स को भेजे गए थे। जिनमें सात की रिपोर्ट सोमवार शाम को ही आ गई थी। शेष 7 लोगों की रिपोर्ट कल रात में आई है जिसमें सभी निगेटिव पाए गए हैं। ज्ञात हो कि लंदन से लौटे एक मेडिकल छात्र के घर खाना बनाने वाली महिला कर्मचारी के स्वाब का सैंपल रायपुर भेजा गया था । ऐहतियात के तौर पर महिला कर्मचारी के घर के आसपास के इलाके को सील रखा गया है। साथ ही घर के सभी सदस्यों को अगले 14 दिनों तक होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं। महिला कर्मचारी के घर के आसपास पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार देवेंद्र नगर रायपुर निवासी एक युवक कुछ दिन पहले ही यूके (लंदन) से लौटा था। विदेश से आने के कारण स्वास्थ्य विभाग ने उनका सैंपल लिया था, जिसकी रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई। इसके तत्काल बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने युवक के साथ रहने वाले परिजनों और उनके घर काम करने वालों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की तभी टीम को पता चला कि युवक के घर में खाना बनाने वाली एक कर्मचारी पिछले दो दिनों से काम पर नहीं आ रही है। वह भीमखोज की रहने वाली है। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी सूचना जिला प्रशासन महासमुंद को दी। जिसके बाद उसका स्वाब का सेंपल जांच के लिए रायपुर भेजा गया था। रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद भी सुरक्षा की दृष्टि से सभी को होम आइसोलेशन में रहने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here