भिलाई। छत्तीसगढ़ सरकार ने लॉकडाउन के दौरान लोगों को राहत देते हुए पहली अप्रेल से नि:शुल्क चावल का वितरण शुरू कर दिया है। बेहद अव्यवस्थाओं के बीच शुरू हुआ चावल वितरण से लॉकडाउन की धज्जियां उडऩे लगी हैं। राशन की दुकाने खुलने से पहले की लोगों की भीड़ बढऩी शुरू हो गई। वहीं राशन दुकान संचालक सोशल डिस्टेंस का पालन कराने के बजाय चावल वितरण में लगे रहे। लापरवाह लोग बिना किसी खौफ के राशन दुकानों एक दूसरे से चिपकते हुए चावल रहे हैं।
बता दें कि कोरोना के संकट के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने लोगों को राहत देते हुए दो माह का एकमुश्त राशन देने का ऐलान किया। एक अप्रेल से प्रदेश भर की राशन दुकानों में कोटे के चावल का वितरण शुरू किया गया। इसके तहत दो माह का नि:शुल्क चावल दिया जा रहा है। वहीं रियायती दरों पर शक्कर व नि:शुल्क नमक का वितरण किया जा रहा है। इधर सरकार की घोषणा के बाद पहली अप्रेल से राशन की दुकानों में वितरण शुरू किया गया, लेकिन अव्यवस्थाओं के कारण राशन दुकानों भीड़ ऐसी बढ़ गई है कि लॉकडाउन की कोई परवाह नहीं कर रहा। राशन की दुकानों में सोशल डिस्टेंस का कोई भी पालन नहीं कर रहा है।
कोटेदार की समझाइश का नहीं हो रहा असर
ऐसा भी नहीं है कि राशन की दुकानों में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरी तरह पालन नहीं किया जा रहा है। कई दुकानों में कोटेदार ने बेहतर व्यवस्था की हुई है और लोग भी इसका पालन करते दिख रहे हैं। लेकिन कई दुकानों में इसकी धज्जियां उड़ाई जा रही है। कोटेदार लगातार समझाइश दे रहा है कि आपस में एक मीटर से अधिक की दूरी बनाएं लेकिन चावल लेने की होड़ के कारण लोगों को यह बात समझ नहीं आ रही है। कोटेदार लोगों से बार-बार अपील भी कर रहा है लेकिन लोगों पर कोई असर नहींं हो रहा हैं।
कई दुकानों में नहीं पहुंचा कोटे का चावल
इधर कई राशन की दुकानों में कोटे का चावल नहीं पहुंचा है। कुछ कोटेदारों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि हमारे यहां अब तक स्टॉक नहीं पहुंचा है इसलिए हम वितरण नहीं कर पा रहे हैं। वहीं भिलाई शहरी क्षेत्र में किसी भी राशन की दुकान से चावल लेने की सहुलियत के कारण एक वार्ड में दूसरे वार्ड के लोगो की भीड़ भी लग रही है। प्रशासन की ओर से राशन की दुकानों में सोशल डिस्टेंस का पालन कड़ाई से किए जाने के निर्देश जारी किए गए लेकिन यहां किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं दिख रही है। दुर्ग भिलाई ही नहीं प्रदेश के अधिकतर राशन की दुकानों की यही स्थिति है।
भिलाई की सड़कों लॉक डाउन का पालन नहीं
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कोरोना से लडऩे के लिए पूरे देश में 21 दिनों का लॉकडाउन किया है लेकिन दुर्ग भिलाई की सड़कों पर लोग बेखौफ घूम रहे हैं। लॉकडाउन के दौरान आवश्यक कार्य की छूट का लोक भरपूर फायदा उठा रहे हैं। लॉकडाउन की शुरुआत में जिस प्रकार लोगों ने इसका पालन किया वह अब नहीं दिख रहा है। बिना काम के बेवजह गली मोहल्लों में लोग मजमा लगा रहे हैं और लॉकडाउन की चर्चा कर रहे हैं। शुरुआती दिनों में जिस प्रकार पेट्रोलिंग वाहनों में पुलिस सख्ती दिखा रही थी वह सख्ती अब नहीं दिख रही है। लॉक डाउन के आठवेंं दिन ऐसे हालात हैं कि जिस मकसद से सरकार काम कर रही है उसे लोग पूरा करते नहीं दिख रहे हैं।



