रामानुजगंज – रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम मरमा के उप स्वास्थ्य केंद्र में जल व्यवस्था हेतु सोमवार की रात 9:30 बजे के करीब बोरिंग की जा रही थी इसी दौरान छठवीं बटालियन ई कंपनी के 5 जवानों के द्वारा मौके पर जाकर काम को जहां रुकवाया गया वही बोरिंग मशीन के ऑपरेटर एवं उनके सहयोगियों के साथ जमकर मारपीट कर दी गई जिसके बाद आज सूचना पर विधायक बृहस्पति सिंह मौके पर पहुंचे एवं घटना की जानकारी ली जिसके बाद पीड़ितों के साथ त्रिकुंडा थाना पहुंच जवानों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की रात 9:30 बजे के करीब जल व्यवस्था हेतु ग्राम पंचायत मरमा के उप स्वास्थ्य केंद्र में बोरिंग हो रही थी इसी दौरान छठवीं बटालियन की कंपनी के जवान अमल राम भगत, राहुल उपाध्याय, दुबराज चौहान जय प्रकाश ठाकुर, करन साय तिग्गा पर पहुंचे एवं कार्य को रुकवा बोरिंग कार्य में लगे हुए श्यामलाल शोरी राम सिंह धुर्वे,सूर्यकांत यादव ,उमेश कुमार के साथ जमकर मारपीट कर दी। जिसकी सूचना जब आज विधायक बृहस्पत सिंह को मिली तो वे मौके पर पहुंचे एवं घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान त्रिकुंडा थाना प्रभारी रजनीश सिंह एवं डिंडो चौकी प्रभारी आर एन पटेल भी मौजूद रहे। जिसके बाद वे त्रिकुंडा थाना भी पीड़ितों के साथ पहुंचकर जवानों के विरुद्ध कार्यवाही की मांग की।
इस संबंध में विधायक बृहस्पत सिंह ने कहा कि एक ओर जहां शासन के द्वारा बिजली, पानी स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं वही छठवीं बटालियन ई कंपनी के जवानों के द्वारा नशे में धुत होकर उप स्वास्थ्य केंद्र मरमा में जल व्यवस्था हेतु बोरिंग किया जा रहा था वहां ऑपरेटर एवं उनके सहयोगी के साथ मारपीट की गई जो घोर निंदनीय है। अच्छे कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित करने की जरूरत है वही ऐसे कृत्य करने वालों के लिए कार्यवाही भी होनी चाहिए।
इस संबंध में त्रिकुंडा थाना प्रभारी रजनीश सिंह ने कहा कि छठवीं बटालियन ई कंपनी के जवानों के द्वारा बोरिंग मशीन के ऑपरेटर एवं सहयोगियों के साथ मारपीट किए जाने की शिकायत प्राप्त हुई है इसकी जांच कर कार्यवाही की जाएगी।



