- असली पुलिस ने कुछ ही घंटे के भीतर लुटेरे को दबोचा
- आरोपी से लूटे गए तीन हजार नगदी व बाइक जब्त
कोरबा:- पुलिस कोरोना से लोगों की सुरक्षा के लिए चौबीस घंटे अपनी सेवा दे रही है. इधर शातिर अपराधी पुलिस की आड़ में अपराध को अंजाम दे रहे हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें बदमाश ने खुद को पुलिस कर्मी बताकर राशन लेने जा रहे युवक से तीन हजार रुपए लूट लिए. वह कुछ ही घंटे के भीतर असली पुलिस के हत्थे चढ़ गया. पुलिस ने आरोपी से लूट की रकम व बाइक जब्त कर ली है.
यह वाक्या कोतवाली अंतर्गत पुरानी बस्ती क्षेत्र में घटित हुई. दरअसल लॉकडाउन होने के कारण राशन, डेयरी व साग सब्जी की दुकानों को सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक छूट दी गई है. इस अवधि में सामान खरीदी करने लोग घर से निकल रहे हैं. दुरपा रोड निवासी जयसिंह टंडन भी तीन हजार रुपए लेकर राशन सामान खरीदने इतवारी बाजार के लिए निकला था. वह इस्माइल कबाड़ दुकान के समीप पहुंचा था. इसी दौरान बिना नंबर की हंक बाइक में सवार होकर एक युवक पहुंचा. उसने खुद को पुलिस कर्मी बताते हुए जयसिंह पर रौब झाड़ना शुरू कर दिया. उसे बिना मास्क व बिना काम के घुमने की धमकी देते हुए तीन हजार रुपए लूटकर फरार हो गया. जिसकी सूचना जयसिंह ने कोतवाली पहुंचकर दी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर कोतवाल दुर्गेश शर्मा ने अपने टीम के साथ लुटेरे की पतासाजी शुरू कर दी. इस बीच श्री शर्मा को सूचना मिली की एक युवक शारदा विहार रेलवे क्रासिंग को पार करने का प्रयास कर रहा है. इस सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को धर दबोचा. पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम नवधा चौक अमरैयापारा निवासी धीरज मिश्रा बताया. उसने जयसिंह से तीन हजार रुपए नगदी लूट की बात स्वीकार कर ली. पुलिस ने आरोपी से लूट की रकम व घटना में प्रयुक्त हंक बाइक को भी जब्त कर लिया. मामले में धारा 419, 392 के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है. लूट की इस वारदात को कुछ ही घंटे के भीतर सुलझाने में एसपी अभिषेक मीणा, एएसपी उदय किरण के निर्देश, सीएसपी राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन तथा नगर कोतवाल दुर्गेश शर्मा के नेतृत्व में उनि हेमंत पाटले, भावना खंडारे, सउनि मेलाराम कठौतिया, भगवती प्रसाद खांडेकर, आर विपिन बिहारी नायक, चंद्रकांत गुप्ता, जयप्रकाश, लक्ष्मीकांत खरसन, ऋषि कुमार पटेल व विकास कोसले ने सराहनीय भूमिका निभाई.



