- ट्रेलर के चालक परिचालक समेत एक अन्य मजदूर घायल
- लॉकडाउन के कारण परिचित के ट्रेलर में हुए थे सवार
कोरबा:- लॉकडाउन के कारण आर्थिक तंगी से जूझ रहे तीन मजदूरों ने घर लौटने का फैसला कर लिया. वे परिचित के क्लिंकल लोड टेÑलर में सवार होकर रायपुर से गढ़वा के लिए रवाना हो गए. यह ट्रेलर परला मोड़ में अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में दो मजदूर की मौत हो गई. उनके साथी समेत चालक व परिचालक घायल हो गए. पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है.
घटना बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात करीब दो बजे घटित हुई. दरअसल मूलत: ग्राम आधौरा जिला गढ़वा झारखंड से मजदूर रायपुर के भाठापारा स्थित किसी फैक्ट्री में काम कर रहे थे. वे घर लौटते, इससे पहले देश में कोरोना वायरस संक्रमण से निपटने लॉकडाउन कर दिया गया. लॉकडाउन के कारण फैक्ट्री बंद हो गया. जिससे मजदूरों के सामने ेरोजी रोटी की समस्या आ गई. कई मजदूर पैदल व साइकिल से घर के लिए रवाना हो गए. जबकि मुनाजिर खान 31 वर्ष व राजी अहमद 30 वर्ष के अलावा एक अन्य मजदूर रायपुर में ही फंसे हुए थे. उन्होंने लॉकडाउन के कारण जमा पूंजी खर्च कर डाली. उन्हें घर लौटने की चिंता सता रही थी. लिहाजा तीनों मजदूरों ने अपने एक परिचित ट्रेलर चालक मो. नाजिर से संपर्क किया. मो. नाजिर मजदूरों को अपने साथ ट्रेलर में गढ़वा ले जाने तैयार हो गया. वह ट्रेलर क्रमांक सीजी 15 डीएच 7087 में क्लिंकल लोड कर तीनों मजदूरों के साथ औरंगाबाद के लिए रवाना हुआ. यह ट्रेलर बांगो थाना क्षेत्र के परला मोड़ पर पहुंचा था.
इसी दौरान चालक को झपकी आ गई. उसने ट्रेलर से नियंत्रण खो दिया. अनियंत्रित ट्रेलर के पलटने से उसके नीचे दबकर राजी अहमद व मुनाजिर खान की मौत हो गई. जबकि चालक परिचालक व एक अन्य मजदूर मामूली रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एसएस पटेल टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल रवाना कर दिया. इसके साथ ही वैधानिक कार्रवाई उपरांत दोनों शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है. पुलिस मामले में आरोपी ट्रेलर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर विवेचना कर रही है.
ट्रेलर के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो मजदूर की मौत हो गई. जिससे घायलों के होश उड़ गए. वे स्पष्ट रूप से कुछ भी बता पाने में असहज महसूस कर रहे थे. घायल मजदूर से मिली मामूली जानकारी के आधार पर पुलिस ने परिजनों को खोज निकाला. दीपका में रहने वाले रिश्तेदार थाना पहुंचे. उन्हें वैधानिक कार्रवाई पश्चात शव सौंपा गया.
छूट का उठा रहे बेजा फायदा
इस घटना ने पावर सेक्टर व अन्य आवश्यक सेवा की आड़ में छूट की फायदा उठाने वालों की पोल खोल दी है. जिले को पूरी तरह से सील किया गया है. यहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच के निर्देश दिए गए हैं. इसके बाद भी ट्रेलर में मजदूर रायपुर से परला तक पहुंच गए. यदि चेकपोस्ट में गंभीरता से जांच की जाती तो पहले ही खुलासा हो सकता था.
परला के समीप ट्रेलर के पलटने से दो मजदूर की मौत हुई है. तीन लोग घायल हुए हैं. मृतक रायपुर से गढ़वा जा रहे थे.
-एसएस पटेल, थाना प्रभारी, बांगो



