प्योंगयांग। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन शुक्रवार को 20 दिन बाद सार्वजनिक रूप से नजर आया और इसके साथ ही उसकी मौत की अटकलों पर विराम लग गया। शुक्रवार को किम जोंग पहली बार राजधानी प्योंगयांग के पास सुचोन में सार्वजनिक रूप से एक फर्टिलाइजर फैक्टरी का उद्धाटन करते हुए नजर आए। समाचार एजेंसी केसीएनए ने शनिवार की यह सूचना दी।
रिपोर्ट के मुताबिक, किम जब इस कार्यक्रम में शामिल हुए तो सभी लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया. उन्होंने फैक्टरी का जायजा लिया है और उत्पादन प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। रिपोर्ट में कहा गया कि इस दौरान किम ने कहा कि यदि उनके दादा और पिता यह खबर सुनते कि आधुनिक फॉस्फेटिक फर्टिलाइजर फैक्टरी बन कर तैयारी हो गई तो उन्हें बहुत खुशी होती। इससे पहले श्री किम 12 अप्रैल को सार्वजनिक तौर पर नजर आए थे।
बता दें कि किम जोंग उन 15 अप्रैल को अपने दादा के जन्मदिन के समारोह में शामिल नहीं हुए थे, जिसके बाद से उनके स्वास्थ्य को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आ रही थीं। 15 अप्रैल से ही किम से जुड़ी कई सैटेलाइट तस्वीरें और रिपोर्ट्स सामने आईं। इनमें उनकी मौत होने से लेकर उनकी कार्डियोवेस्कुलर सर्जरी होने तक का दावा किया गया था। वहीं, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा था कि उन्हें किम की सेहत के बारे में सब कुछ पता है, लेकिन फिलहाल वे इस पर कुछ नहीं कहेंगे।



