घरों से बाहर न निकलने और जंगल की ओर नहीं जाने की अपील
महासमुंद। लंबे समय से सिरपुर क्षेत्र से बार नयापारा के जंगलों में विचरण कर रहे दंतैल के सिरपुर लौटने की खबर मिली है। कुछ ग्रामीणों द्वारा दतैल को देखे जाने के बाद गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। इधर, वन विभाग ने क्षेत्र में हाथी के लौटने की खबर मिलने के बाद गश्त तेज कर दी है। हालांकि विभाग को अभी तक हाथी नहीं दिखा है।
मंगलवार शाम परसाडीह के बकरी चराने वाले कुछ ग्रामीणों ने कुकराडीह जंगल के पास दतैल को विचरण करते हुए देखा और गांव पहुंच इसकी जानकारी दी।
इसके बाद ग्रामीणों ने परसाडीह, लहंगर, गुडरूडीह, कुकराडीह, जोबा, भोङ्क्षरग, पीढ़ी और गढ़सिवनी में अलर्ट जारी कर दिया है। लोगों को घरों से बाहर न निकलने और जंगल की ओर नहीं जाने की अपील की है। वन अमला हाथी की गश्त में लगातार लगा है। वन परिक्षेत्र अधिकारी मानिकपुरी ने बताया कि कुकराडीह जंगल में दतैल को देखे जाने की खबर के बाद क्षेत्र में सर्चिंग तेज कर दी गई है। लेकिन अभी तक गश्ती दल को कहीं भी दतैल विचरण करते हुए नहीं दिखा है। उन्होंने बताया कि पुराने दल के हाथियों ने गरियाबंद में एक युवक को कुचला है।
हाथियों के दल ने गरियाबंद में एक को कुचला
बागबाहरा वन परिक्षेत्र के जंगलों से गरियाबंद जिले में पहुंचे 22 सदस्यीय हाथियों के दल ने मंगलवार को एक युवक को कुचल दिया। जिले के गंजईपुरी जंगल मेंं हाथियों के दल ने एक युवक को कुचल कर मारा डाला। घटना की जानकारी मिलने के बाद वन अमला पहुंचा और शव को पीएम के लिए भेज दिया है। क्षेत्र में लोगों को लगातार अलर्ट किया जा रहा है।



