- 147 मरीज हुए डिस्चार्ज
- रायपुर जिले में सर्वाधिक 114 मरीज मिले
- प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1847 पहुंची
रायपुर। छत्तीसगढ़ में गुरूवार को कोरोना वायरस से संक्रमित 255 नये मामले सामने आये है, जिसके बाद प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 1847 पहुंच गई है। नये मिले मरीजों में सर्वाधिक 114 रायपुर जिले में मिले है। हालांकि आज राजधानी रायपुर सहित प्रदेश से पूर्व में संक्रमित हुए मरीजों में 147 लोगों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज भी किया गया है। कोरोना संक्रमित एक बीएसएफ जवान की मृत्यु भी हुई है, जिसके बाद प्रदेश में कोरोना से मरने वालों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आज रात 7.30 बजे जारी किए गए बुलेटिन के अनुसार प्रदेश में 255 नये संक्रमित मरीजों की पहचान की गई है। ये मरीज क्रमश: जिला रायपुर से 114, कबीरधाम 34, कांकेर 20, राजनांदगांव 17, मुंगेली 16, जांजगीर-चांपा 12, बस्तर 10, बिलासपुर 06, दुर्ग 05, नारायणपुर व गरियाबंद 04-04, कोरिया 03, जशपुर 02, बालोद, धमतरी, बलौदाबाजार, महासमुंद, सरगुजा, कोण्डागांव, बीजापुर व दंतेवाड़ा जिले से 01-01 मरीज मिले है। हालांकि आज प्रदेश में पूर्व में संक्रमित हुए मरीजों में से 147 लोगों को स्वस्थ होने के बाद डिस्चार्ज भी किया गया है।
इधर कोरोना से प्रदेश में मरने वालों की संख्या में आज एक और वृद्धि हुई है। 28 वर्षीय भिलाई बीएसएफ के जवान हो पूर्व से ही निमोनिया व रेस्पेरेटरी डिस्ट्रेस होने के कारण राजधानी रायपुर स्थित अंबेडकर अस्पताल में भर्ती था कालांतर में कोरोना पॉजीटिव पाये गये, जिनकी आज मृत्यु हो गई। इस मौत के बाद प्रदेश में कोरोना संक्रमित पीडि़त मरीजों की मौत का आकड़ा बढ़कर 30 पहुंच गया है। इस तरह प्रदेश में आज नये मरीजों के मिलने और डिस्चार्ज होने के बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 1847 है। इधर रायपुर जिला प्रदेश का हॉट जिला बना हुआ है। रायपुर जिले में रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना संक्रमित मिल रहे है। जिसके बाद जिले में अब तक कोरोना संक्रमितों का आकड़ा 1516 पहुंच गया है, जिनमें आज मिलाकर कुल 708 मरीज स्वस्थ हो चुके है, जबकि 10 लोगों की अब तक मौत भी हुई है। वर्तमान में जिले में 798 एक्टिव मरीज है।



