Home इवेंट शायर ज़िया हैदरी के अवदान को जसम ने किया याद , पत्रिका...

शायर ज़िया हैदरी के अवदान को जसम ने किया याद , पत्रिका प्रतिसंसार का एक अंक केंद्रित होगा शायर जिया हैदरी पर.

143
0

रायपुर. जन संस्कृति मंच की रायपुर ईकाई ने विगत दिनों हरदिल-अज़ीज़ शायर ज़िया हैदरी साहित्यिक अवदान को याद किया.स्थानीय वृंदावन हॉल में एकत्रित रचनाकारों और श्रोताओं ने सबसे पहले पहलगाम की घटना में शहीद हुए नागरिकों को श्रद्धांजलि दी. इसके गोष्ठी में शायर ज़िया हैदरी की शायरी पर विस्तार से चर्चा की गई.

युवा कवि वसु गंधर्व और निवेदिता शंकर की जोड़ी ने ज़िया हैदरी की ग़ज़लों की संगीतमयी प्रस्तुति की .

ज़िया हैदरी साहब के पुत्र आफ़ाक़ अहमद ने आयोजन को बेहद महत्वपूर्ण बताया. जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ शायर रज़ा हैदरी ने कहा कि ज़िया साहब शायरी के उनके उस्ताद थे. ज़िया साहब की सरपरस्ती में उन्होंने शायरी की शानदार तालीम हासिल की . ख्यातलब्ध शायरों में फ़ज़्ले अब्बास सैफ़ी, सुख़नवर हुसैन, मीसम हैदरी, आलिम नक़वी, अब्दुल सलाम कौसर और जसम रायपुर के अध्यक्ष आनंद बहादुर ने ज़िया साहब की ग़ज़लों की विभिन्न खूबियों की गहरी पड़ताल की. जसम के संयुक्त सचिव अजय शुक्ल ने ज़िया साहब की ग़ज़लों का वाचन किया. ज़िया हैदरी एक बड़े मयार के शायर थे जिनकी शायरी का सही मूल्यांकन अभी नहीं हो पाया है. एक बहुत निराश करने वाली बात जो उभरकर सामने आई वह यह थी कि इतने बड़े शायर का एक भी संग्रह उनके जीते जी प्रकाशित नहीं हो पाया है. आयोजन में शामिल सभी वक्ताओं ने कहा कि बहुत जल्द ही उर्दू तथा हिंदी में उनके संग्रह का प्रकाशन तथा जसम की पत्रिका प्रतिसंसार का एक अंक ज़िया साहब पर केंद्रित करने का संकल्प लिया गया. ज़िया हैदरी ने बहुत सरल शब्दों में गहरे निहितार्थों वाली गंभीर शायरी की है. उनकी शायरी आधुनिक जीवन के तमाम पहलुओं को अपने दामन में समेटती है और हिंदी और उर्दू के बीच की उस भाषाई जमीन पर खड़ी है जो हिंदुस्तान की बहुसंख्यक आवाम की जमीन है. ज़िया जीवन की विडंबनाओ और संत्रासों के गहन व्याख्याकार थे. उनका फ़न शायरी के सबसे ऊंचे शिखर को छूता है.चर्चा के दौरान सबने माना कि ज़िया हैदरी ग़ज़ल के शिल्प से समझौता किए बगैर शायरी की सभी बंदिशों का बखूबी निर्वाह करते हुए ऊंचे मयार की प्रवाहमय शायरी को अंजाम दिया है.

कार्यक्रम में रचनाकार जया जादवानी, डॉ.रेणु महेश्वरी, मधु वर्मा, मौली चक्रवर्ती, नीलिमा मिश्रा, राजेश गनौदवाले, नंद कुमार कंसारी, मीर अली मीर, एसएस ध्रुव नंदन, हैदर हुसैन सुल्तानपुरी, रियाज़ अंबर, राजेन्द्र चांडक, आर. डी. अहिरवार, नरोत्तम शर्मा, हरीश कोटक, डॉ.अखिलेश त्रिपाठी, राजकुमार सोनी एवं इंद्र कुमार राठौर सहित अनेक प्रबुद्धजन मौजूद थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here