जिले के पत्रकार हितों को लेकर हुई महत्वपूर्ण बैठक
धमतरी। स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के संगठन विस्तार अभियान के तहत धमतरी में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन 5 जुलाई को किया गया। लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति ने संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास और एकजुटता का संदेश दिया। बैठक में पत्रकार हितों, उनके अधिकारों, कानूनी सुरक्षा तथा संगठन की कार्यप्रणाली पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए स्टेट वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष पी.सी. रथ ने उपस्थित पत्रकारों से संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित होकर ही पत्रकार अपने अधिकारों की प्रभावी लड़ाई लड़ सकते हैं। उन्होंने पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न अधिकारों एवं संगठन की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला।
बैठक में आईजेयू (IJU) के NEC सदस्य दिलीप साहू एवं विनीता मंडल हलदार ने पत्रकारों की शंकाओं का समाधान करते हुए उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा संबंधी प्रावधानों तथा आईजेयू की कार्यप्रणाली और उससे मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए धमतरी के वरिष्ठ पत्रकार, वर्किंग जर्नलिस्ट्स यूनियन के राज्य कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद शाह ने पत्रकारों की एकजुटता पर जोर दिया, उनका स्पष्ट कहना था कि बहुत सारी समस्याओं का हल हमारी एकजुटता और नियमित बैठकों से ही हो सकता है, अपने धमतरी प्रेस क्लब अध्यक्ष रहने के दौरान सदस्य पत्रकारों के लिए दुर्घटना बीमा किए जाने को याद करते हुए उन्होंने युवा पत्रकारों को इसके लिए जागरूक किया।
इस अवसर पर यूनियन के कोषाध्यक्ष शुभम वर्मा, मीनल शर्मा, सुजाता, शिवानी, लविंदर, शिवशंकर पांडेय सोनू, हरिमोहन तिवारी तथा अमित बाघ, स्थानीय में शमशाद खान, मयंक केसरवानी, पूनम शुक्ला, दुर्गेश साहू, के प्रतीक पटनायक, शिवानी दस्ती, मिथिलेश पटेल सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

बैठक की सफलता में जितेंद्र साहू का विशेष योगदान रहा। विपरीत मौसम और लगातार बारिश के बावजूद उन्होंने कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाओं को सफलतापूर्वक संभाला तथा धमतरी के पत्रकार साथियों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाकर उन्हें बैठक में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में संगठन की ओर से बैठक में शामिल होने वाले सभी पत्रकार साथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रदेश अध्यक्ष पी.सी. रथ सहित सभी पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि संगठन के विस्तार के साथ पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई और अधिक मजबूती से आगे बढ़ेगी तथा भविष्य में भी पत्रकार हितों के लिए इसी तरह प्रयास जारी रहेंगे।


