आज कवर्धा सहित प्रदेश के कई शहरों में प्रधान के इस्तीफे को ले कर जनता सड़क पर
रायपुर।19 जुलाई 26 (Sonam Wangchuk) सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में रायपुर में बारिश के बीच 500 से अधिक लोगों ने सड़क पर उतर कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने वांगचुक के समर्थन में नारे लगाए तो वहीँ दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ नाराजगी प्रदर्शित किया। प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री का इस्तीफा मांगा ।
राजधानी रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर रविवार को सैकड़ों छात्र और युवा दिखाई दिए , अलग-अलग सामाजिक संगठनों के बैनर तले 500 से ज्यादा लोग सोनम वांगचुक के समर्थन में सड़क पर उतरे। शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान शिक्षा व्यवस्था में सुधार, देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक पर सख्त रोक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में शामिल छात्रों और युवाओं ने कहा कि शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर अब सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की जरूरत है। उनका कहना था कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा और युवाओं के मुद्दों पर सोनम वांगचुक के साथ देशभर का युवा खड़ा है। प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन के माध्यम से छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने, पेपर लीक पर प्रभावी रोक लगाने और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार से गंभीर पहल करने की मांग की गई।
प्रदर्शन में उपस्थित युवाओं ने कहा कि यह सिर्फ एक प्रदर्शन नहीं, बल्कि देश के छात्रों और युवाओं की आवाज है। उनका कहना है कि जब तक शिक्षा व्यवस्था में जरूरी सुधार नहीं होते, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाती रहेगी। प्रदेश के कई जिलों में आज 20 जुलाई को प्रदर्शन की घोषणाएं की गई हैं।


