नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के आसनसोल में चौथे चरण के लिए वोटिंग के दौरान हिंसा हो रही है. यहां पर बीजेपी और टीएमसी समर्थकों के बीच झड़प हो गई. पुलिस और पैरामिलिट्री फोर्स को स्थिति काबू करने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा. ऐसा आरोप लगाया जा रहा है कि टीएमसी के कार्यकर्ता पोलिंग स्टेशन पर जबरन वोट डालने की कोशिश कर रहे थे, जिसका बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध किया. इसके बाद दोनों पार्टियों के समर्थक भिड़ गए. हालांकि पुख्ता तौर पर अभी जानकारी नहीं मिल पा रही है. वहीं आसनसोल से बीजेपी प्रत्याशी और केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो ने आरोप लगाया कि प्रशासन ठीक से चुनाव नहीं करवा पा रहा है. आसनसोल में मुख्य मुकाबला बीजेपी के बाबुल सुप्रियो और टीएमसी की मुनमुन सेन के बीच हो रहा है. कहा जा रहा है कि कई बूथ ऐसे हैं जहां सेंट्रल फोर्सेस की तैनाती नहीं की गई है. यहां पर स्थानीय पुलिस ही सुरक्षा का जिम्मा संभाल रही है.



