नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज सीडब्ल्यूसी की बैठक में लोकसभा चुनाव में हुई करारी हार की जिम्मेदारी लेते हुए पार्टी अध्यक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश की. हालांकि उनकी पेशकश को सीडब्ल्यूसी ने खारिज कर दिया और कहा है कि पार्टी को आपकी जरूरत है. कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस कार्य समिति ने पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को संगठन में आमूलचूल परिवर्तन करने के लिए अधिकृत किया है.
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रदर्शन की समीक्षा को लेकर कार्य समिति की शनिवार को हुई बैठक के बाद आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एके एंटोनी, गुलाम नबी आजाद, केसी वेणुगोपाल तथा रणदीप सिंह सुरजेवाला ने यह जानकारी दी. उ्र्होंन ेकहा कि बैठक में लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी के प्रदर्शन पर गहन मंथन किया गया. जिसमें पार्टी के महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने विचार व्यक्त किए. बैठक में तीस से ज्यादा पार्टी के नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किये. इसका निष्कर्ष यही निकाला गया कि पार्टी को मजबूती प्रदान करने के लिए नए सिरे से काम करने की जरूरत है. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि श्री गांधी के इस्तीफे की पेशकश को सभी नेताओं ने सिरे से खारिज कर दिया. हालांकि अपुष्ट सूत्रों के अनुसार श्री गांधी अपने इस्तीफे पर अड़े हुए हैं.



