कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की पेशकश लेकिन पार्टी नेताओं ने उनके इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव के दौरान साप्रदायिक कार्ड खेला और चुनाव जीतने के लिए ईवीएम में प्रोग्रामिंग की.
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग ने पांच महीने के लिए राज्य का प्रशासन अपने हाथ में ले लिया. हम काम नहीं कर सके. हमें पहले कभी ऐसी स्थिति का सामना नहीं करना पड़ा. हमने सीटें खो दी. भाजपा ने सांप्रदायिक कार्ड खेला और चुनाव जीत लिया. बहरहाल विजेता, विजेता होता है. मैं मोदी को बधाई देती हूं, क्योंकि उनकी सभी भविष्यवाणियां सही साबित हुईं. उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों ने विपरित काम किया. आपातकाल जैसी स्थिति निर्मित की गई. हिंदू-मुस्लिम को विभाजित किया गया और वोट भी विभाजित हुए. हमने चुनाव आयोग से शिकायत की लेकिन इस तरफ ध्यान नहीं दिया गया. उन्होंने बीजेपी पर बेतहाशा पैसा खर्च करने का भी आरोप लगाया.



