नई दिल्ली। केंद्र की मोदी सरकार की शुक्रवार को कैबिनेट की पहली बैठक आयोजित की गई. बैठक में किसानों के लिए सरकार ने खास ऐलान किए हैं. इसके तहत देश के 15 करोड़ किसानों को इसका लाभ मिलेगा. पहले ये लाभ सिर्फ 12 करोड़ किसानों को मिलना था. योजना के तहत किसानों को सालाना छह हजार रुपए देने हैं.
बता दें कि चुनाव से पहले सरकार ने किसानों को सालाना छह हजार रुपए देने के वादा किया था. चार हजार रुपए की किश्त किसानों के खाते में पहुंच चुकी है. इसकी जानकारी देते हुए कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि प्रधानमंत्री को किसानों की बहुत फिक्र है. इसके लिए उन्होंने तय किया है किसानों की आमदनी दुगुनी की जाएगी. इसके अलावा छोटे व्यापारियों को भी पेंशन का लाभ दिया जाएगा. इससे करीब 3 करोड़ खुदरा व्यापारियों को इसका लाभ होगा. कैबिनेट ने असंगठित क्षेत्र के कामगारों को बड़ी राहत देते हुए. उन्हें तीन हजार रुपए की मासिक पेंशन देने के मसौदे को भी मंजूरी दे दी. छोटे और सीमांत किसानों की सामाजिक सुरक्षा के लिए भी योजना शुरू कर दी गई.
शहीदों की बेटियों की स्कॉलरशिप बढ़ाई
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय रक्षा कोष के तहत छात्रवृत्ति योजना में भी बदलाव किए हैं. अब आतंकवादी या नक्सलावादी हमले में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के बच्चों को बढ़ी हुई छात्रवृत्ति दी जाएगी. इसके तहत लडक़ों के लिए 2500 रुपए प्रतिमाह और लड़कियों के लिए 3000 रुपए प्रतिमाह की राशि तय की गई है. आतंकवाद या नक्सलवाद की घटना में शहीद हुए राज्य पुलिसकर्मियों को भी इसका लाभ मिलेगा.
मंत्रियों ने कामकाज संभाला
इससे पहले शुक्रवार को मोदी मंत्रिमंडल के कई सदस्यों ने अपना कामकाज संभाल लिया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यालय में सरदार पटेल और महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कामकाज संभाला. प्रधानमंत्री के अलावा पीयूष गोयल, निर्मला सीतारमण, नितिन गडकरी, संतोष गंगवार, अनुराग सिंह ठाकुर, नरेंद्र सिंह तोमर आदि शामिल हैं.



