नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने सोमवार को महिलाओं के लिए नई सौगात दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद ने घोषणा की है कि दिल्ली में महिलाएं अब मुफ्त में सफर कर सकेंगी. दिल्ली की बसों और मेट्रो में महिलाओं से कोई टिकट नहीं लिया जाएगा. इसका खर्च दिल्ली सरकार वहन करेगी.
श्री केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि जल्द ही इसका प्लान लागू कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद है. इसी दिशा में कदम उठाते हुए सरकार 70 हजार सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना भी बना रही है. एक हफ्ते में मुफ्त यात्रा का प्लान जारी कर दिया जाएगा. श्री केजरीवाल ने कहा कि जो महिलाएं टिकट खरीद सकती हैं वे खरीदें.
बीजेपी का पलटवार
अरविंद केजरीवाल की इस योजना पर बीजेपी ने पलटवार किया है. दिल्ली के बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि इन पर नाकामी का ठप्पा लग चुका है. साथ ही उन्होंने कहा कि ये वोट खरीदने की कोशिश कर रहे हैं. राहुल गांधी ने भी ऐसी ही कोशिश की थी. श्री तिवारी ने कहा कि केजरीवाल की सरकार को 52 महीने हो गए, अचानक उनकों इसका ख्याल आया.



