नारायणपुर 28 मई 2024। फ़ोर्स के बढ़ते दबाव के बीच भी नक्सलियों ने नारायणपुर जिले में एक बार फिर उत्पात मचाया है। रविवार देर रात छोटेडोंगर पुलिस थाने से 4 किमी दूर चमेली गांव और गौरदण्ड में दस्तक देकर दो बीएसएनएल टावर को आग के हवाले कर दिया हैं। वहीं नक्सलियों ने घटना स्थल के आसपास पर कई बैनर पोस्टर भी लगाए। उनमें छोटेडोंगर के पद्मश्री वैद्यराज हेमचंद्र मांझी को आमदई खदान का दलाल बताते हुए इलाके से मार भगाने की धमकी दी है।
उल्लेखनीय है कि, नक्सलियों ने कुछ समय पूर्व पद्मश्री हेमचंद्र मांझी के भतीजे कोमल मांझी की निर्मम हत्या कर दी है। आमदई आयरन माइंस में दलाली करने का आरोप लगाकर वैधराज हेमचंद्र मांझी को लगातार धमकी दे रहे हैं। इस वजह से ही पुलिस प्रशासन ने वैद्यराज को जिला मुख्यालय के सेफ हाऊस में सुरक्षा के इंतजाम में रखा है।
नक्सलियों ने भाजपा तीन बड़े नेताओं की इस इलाके में पहले ही कर दी है हत्या
नक्सलियों ने इसी इलाके में भाजपा के तीन बड़े नेताओं की हत्या की है। उनमें सागर साहू, रतन दुबे और पंचम दास शमिल हैं। भाजपा नेता की हत्या के बाद अंदरूनी इलाक़े में रहने वाले सभी बड़े नेताओं को जिला मुख्यालय में शिफ्ट कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था प्रदान की जा रही है। इसी प्रकार नक्सलियों के हिट लिस्ट में आने वाले नेताओं और ग्रामीणों को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराया गया है। इसमें कांग्रेस के नेता भी शामिल हैं।
आईटीबी लगातार कर रही सर्चिंग
नारायणपुर के पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि, जिला नारायणपुर थाना छोटेडोंगर के ग्राम गौरदण्ड और ग्राम चमेली में रविवार देर रात करीब 12:00 बजे नक्सलियों ने 2 निर्माणाधीन मोबाइल टावर को आग के हवाले कर दिया है। इस क्षेत्र में जिला पुलिस बल और आईटीबी लगातार सर्चिंग कर रही है। सुरक्षाबलों ने बताया कि, टावर जल्द ही शुरू होने वाला था लेकिन नक्सलियों ने इसे आग के हवाले कर दिया।
पास के कांकेर जिले के एसपी इलेसेला ने भी नक्सल घटनाओं पर नियंत्रण के लिए लगातार गश्त की घोषणा की है तथा नागरिकों को बिलकुल न घबराने को कहा है. उनका कहना है कि सरकार सभी जरुरी व्यवस्थाएं कर रही है.



