दीपका के गांधीनगर सिरकी में फैली सनसनी

कोरबा। दीपका क्षेत्र के गांधीनगर सिरकी में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब एक बंद कमरे में डेढ़ वर्षीय मासूम सहित उसके माता-पिता के शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अफसर व दीपका पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। मामले में पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही उपरांत विवेचना प्रारंभ कर दी है।
यह हृदयविदारक घटना दीपका थाना अंतर्गत गांधीनगर सिरकी की है। यहां एसईसीएल कर्मचारी वंशराम रात्रे का पुत्र अशोक रात्रे 28 वर्ष अपनी पत्नी रागिनी रात्रे 25 वर्ष व डेढ़ वर्षीय पुत्री ईशा रात्रे के साथ माता-पिता से अलग रहता था। उसके पिता एसईसीएल दीपका परियोजना में कार्यरत है जो एसईसीएल के माइनस क्वाटर में निवासरत है। अशोक रात्रे जीटीपी कंपनी में काम करता था।

4 साल पूर्व उसका विवाह रागिनी रात्रे के साथ हुआ था। इस विवाह से उनकी डेढ़ वर्षीय पुत्री भी है। शनिवार की सुबह काफी देर तक जब उनके मकान का दरवाजा नहीं खुला और कोई हलचल सुनाई नहीं दी तो पड़ोसियों ने उन्हें आवाज लगाई। इसके बाद भी कोई जवाब नहीं मिलने पर जब रोशनदान से भीतर झांक कर देखा तो उनके होश उड़ गए। एक कमरे में रागिनी रात्रे का शव फंदे पर लटक रहा था वहीं दूसरे कमरे में अशोक रात्रे व उसकी पुत्री का शव फंदे पर लटका हुआ था। तत्काल इसकी सूचना मृतक अशोक रात्रे के पिता व दीपका पुलिस को दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई। मकान के दरवाजे की कुंडी तोड़कर पुलिस अंदर पहुंची। तीनों का शव फंदे से उतारकर पंचनामा कार्यवाही उपरांत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहसीलदार की उपस्थिति में पंचनामा कार्यवाही के साथ मकान को सील कर दिया गया है। घटना के पीछे क्या कारण है इसकी विवेचना पुलिस द्वारा की जा रही है।
 पति-पत्नी के बीच होता था विवाद
आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि आए दिन पति-पत्नी के बीच किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था। संभावना जाहिर की जा रही है कि देर रात भी उनके बीच विवाद हुआ होगा। विवाद के बाद यह घटना होने की संभावना जाहिर की जा रही है।
 हत्या के बाद आत्महत्या की संभावना
घटना को लेकर पुलिस ने अभी कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है, लेकिन माना जा रहा है कि पति ने ही मासूम बच्ची को फंदे पर लटका कर उसकी हत्या की होगी फिर दंपत्ति द्वारा आत्मघाती कदम उठाए जाने की संभावना जाहिर की जा रही है। साथ ही दूसरा पहलू यह भी है कि पुत्री के साथ पत्नी को भी मारकर पति ने फंदे पर लटका दिया होगा। बहरहाल पूरा मामला जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here