नईदिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि लद्दाख के देशभक्त लोग चीनी सैनिकों की घुसपैठ को लेकर बराबर सचेत कर रहे हैं और उनकी चेतावनी को नजरअंदाज करना देश को महंगा पड़ेगा। राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, लद्दाख के लोग चीनी घुसपैठियों के खिलाफ लगातार आवाज़ उठा रहे है। इस बारे में चीत्कार कर वे चेतावनी दे रहे हैं। गांधी ने कहा कि सरकार को उनकी आवाज़ सुननी चाहिए और उस पर गौर करना चाहिए। उन्होंने कहा, उनकी बात को नजऱअंदाज़ करना महंगा पड़ेगा। भारत की सुरक्षा के लिए कृपया उनकी बात सुन लीजिए।