कोंडागांव। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों को लॉक डाउन किया गया है। नगरीय क्षेत्र कोण्डागांव, फरसगांव, केशकाल और विकासखण्ड माकड़ी में आज 24 जुलाई के मध्य रात्रि से 31 जुलाई तक होगा लॉकडाउन। कोण्डागांव जिले में भी कोरोना वायरस तीव्र गति से फैल रहा है। इस महामारी के प्रसार से बचाव और नियंत्रण के लिये राज्य शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुक्रम में कलेक्टर पुष्पेन्द्र कुमार मीणा ने जिले के नगरीय क्षेत्रों के लिए प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए हैं। इसके तहत जिला कोण्डागांव के नगरीय क्षेत्र नगरपालिका परिषद् कोण्डागांव, नगरपंचायत फरसगांव/केशकाल और विकासखण्ड मुख्यालय ग्राम माकड़ी में 24 जुलाई की मध्य रात्रि 12 बजे से 31 जुलाई रात 12 बजे तक लॉकडाउन (तालाबंदी) कर दिया गया है।नगरीय क्षेत्रों में जिला प्रशासन की ओर से समय-समय पर घोषित कंटेटमेंट जोन और बफर जोन को छोड़कर अनुमति प्राप्त समस्त गतिविधियों का संचालन सुबह 6 से शाम 4 बजे तक होगा।

प्रतिबंधित क्षेत्र में लॉकडाउन की अवधि के दौरान समस्त सार्वजनिक और निजी गैर आवश्यक परिवहन सेवाएं (जिनमें निजी बसें, टेक्सी, बसें, आॅटो रिक्शा, ई-रिक्शा एवं रिक्शा भी शामिल है) के परिचालन की अनुमति नहीं होगी। जबकि इमरजेंसी मेडिकल सेवा वाले व्यक्तियों को वाहन द्वारा आवागमन की अनुमति होगी। ऐसे निजी वाहन जो इस आदेश के अंतर्गत आवश्यक वस्तुएं, सेवाओं के उत्पादन और उनके परिवहन का कार्य कर रहें है उन्हे भी अपवादित स्थिति और तात्कालिक आवश्यकताओं को देखते हुए परिवहन की छूट रहेगी। इसके अलावा शासन की ओर से संचालित सार्वजनिक परिवहन को भी इसके तहत छूट दी गई है। प्रतिबंधित क्षेत्र में स्थित समस्त शासकीय कार्यालयों के संचालन में आदेशित कुछ कार्यालयों को छोड़कर तृतीय एवं चतुर्थ कर्मचारियों की उपस्थिति एक तिहाई होगी।

इस हेतु रोस्टर बनाते हुए ड्यूटी लगाने की जिम्मेदारी कार्यालय प्रमुख को दी गई है। शासकीय कार्यालयों में कार्यालय प्रमुख की अनुमति के बिना आगंतुकों का प्रवेश नहीं होगा। साग-सब्जी, फल, दूध-डेयरी, पनीर और किराना दुकानों को सुबह 6 से शाम 4 बजे तक संचालन करने की अनुमति होगी। उपरोक्त आदेशों और दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करते हुए पाए जाने पर आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60, भारतीय दण्ड संहिता 1860 की धारा 188 तथा अन्य सुसंगत विधिक प्रावधानों के तहत कार्यवाही की जायेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here