कोरबा। खरहरी जलाशय, कोथारी बांध में नहाने गए दो मासूम की पानी में डूब जाने से मौत हो गई। दोनों चचेरे भाई.बहन हैं। काफी समय तक दोनों घर नहीं लौटे, तब चिंतित परिजन तलाश में जुटे और उन्हें जलाशय के समीप बच्चों का कपड़ा मिला। पानी में खोजने पर दोनों का शव एक साथ बरामद हुआ।

घटना मंगलवार की दोपहर की है। ग्राम खरहरी निवासी व मजदूरी करने वाले प्यारेलाल यादव व प्रेमलाल यादव भाई हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को दोपहर प्यारेलाल का सात वर्षीय पुत्र प्रियांशु यादव व प्रेमलाल की छह वर्षीय पुत्री शिवांगी खेल रहे थे। इसी बीच दोनों घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित खरहरी जलाशय, कोथारी बांध पहुंंच गए। गर्मी में सूखा रहने वाले इस जलाशय में बारिश होने से पानी भरा हुआ है। दोनों बच्चे कपड़े किनारे रख पानी में नहाने चले गए और गहराई का अंदाजा नहीं होने पर डूब गए। काफी समय तक दोनों घर नही लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। गाय चराने गए दोनों बच्चे के दादा भी जानकारी मिलने पर उन्हें ढूंढते हुए जलाशय के समीप पहुंचे, तब कपड़े देख संदेह हुआ। गांव में जानकारी मिलने पर काफी लोगों की भीड़ जलाशय में समीप एकत्र हो गई। पानी में तलाश करने पर दोनों बच्चों का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना डायल 112 व उरगा पुलिस को दी गई। स्थल पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा किया। मासूमों की मौत से गांव में मातम छा गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here